रजत विजय रंगा
भीम प्रज्ञा न्यूज.जींद/नरवाना। ऑल इंडिया डॉ. भीमराव अंबेडकर सभा की टोहाना-नरवाना संयुक्त कमेटी की बैठक नरवाना में आयोजित की गई। बैठक में हरियाणा प्रदेश प्रभारी डॉ. सुधीर रंगा एडवोकेट (सुप्रीम कोर्ट) के दिशा-निर्देश पर समाजसेवी एवं हरियाणा पुलिस के सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर सुरेन्द्र कुमार को टोहाना-नरवाना संयुक्त कमेटी का प्रधान एवं संयोजक नियुक्त किया गया। उनकी नियुक्ति पर संगठन के पदाधिकारियों और समाज के लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।बैठक में बताया गया कि सुरेन्द्र कुमार लंबे समय से सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहे हैं और समाजहित में उनकी सेवाओं को देखते हुए संगठन ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। संगठन के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में टोहाना-नरवाना क्षेत्र में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा सामाजिक जागरूकता के कार्यों को नई गति मिलेगी। डॉ. भीमराव अंबेडकर सभा के जींद जिला प्रधान कुलदीप लाम्बा, नरवाना हल्का प्रधान सुनील कत्याल तथा टोहाना हल्का प्रधान संदीप कुमार ने नवनियुक्त प्रधान एवं संयोजक सुरेन्द्र कुमार को बधाई देते हुए कहा कि उनका प्रशासनिक अनुभव और समाजसेवा का जज्बा संगठन के लिए लाभदायक सिद्ध होगा। उन्होंने उनके सफल कार्यकाल और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
नियुक्ति के बाद अपने संबोधन में सुरेन्द्र कुमार ने संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वे पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य समाज को शिक्षित, संगठित और सशक्त बनाना है तथा वे इस दिशा में पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता समाज के युवाओं को शिक्षा, रोजगार और सामाजिक जागरूकता से जोड़ना होगी। साथ ही सामाजिक एकता को मजबूत करने, युवाओं को संविधान और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों से जोड़ने तथा समाज कल्याण से जुड़े कार्यक्रमों का विस्तार करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से संगठन को मजबूत बनाने और सामाजिक विकास के कार्यों में सक्रिय सहयोग की अपील भी की।
कार्यक्रम के दौरान जींद जिला प्रधान कुलदीप लाम्बा ने नवनियुक्त प्रधान एवं संयोजक सुरेन्द्र कुमार का बुके भेंट कर सम्मान किया। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय बनाने, सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने तथा युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी विचार-विमर्श किया। बैठक का समापन समाज हित में एकजुट होकर कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ। संगठन के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि सुरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में टोहाना-नरवाना संयुक्त कमेटी समाज के उत्थान और संगठन के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
