हर्ष स्वामी
भीम प्रज्ञा न्यूज.खेतड़ीनगर। हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (एचसीएल) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) अनुपम मिश्र ने मंगलवार को खेतड़ीनगर स्थित केसीसी इकाई का दौरा किया। कॉपर क्लब में केसीसी इकाई प्रमुख पीडी बोहरा एवं खनन निदेशक जीडी गुप्ता ने साफा एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत किया। दौरे के दौरान सीएमडी ने केसीसी प्लांट एवं माइनिंग क्षेत्र का निरीक्षण किया तथा प्रशासनिक भवन में अधिकारियों के साथ बैठक कर उत्पादन, सुरक्षा और कर्मचारी हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उत्पादन और लाभ के साथ-साथ कर्मचारियों के हितों को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी लंबे समय से कंपनी के साथ कार्य कर रहे कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए उपयुक्त नीति बनाई जाए। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्पादन बढ़ने के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। इस अवसर पर सीएमडी अनुपम मिश्र ने केसीसी में नए सॉफ्टवेयर एवं नई क्रेन का उद्घाटन भी किया। कार्यक्रम में विपिन शर्मा, एस. गुहा, वी.के. इंद्रा, राजेश, अभिषेक पारीक, मनीष गावेल, घनश्याम दास, विनय त्यागी, मयुख चटर्जी, आनंद पांडे, नागेश राजपुरोहित, भूपेश बम्बोरिया, मुन्नालाल जैदिया, सुधा शर्मा, श्रद्धा भटनागर, पार्वती देवी, बिद्दूराम सैनी, श्यामलाल सैनी, ओमप्रकाश लाम्बा, मनोज लम्बोरिया, बाबूलाल सैनी सहित एचसीएल के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
गोठड़ा ग्राम पंचायत ने सौंपा 10 सूत्रीय मांग पत्र
दौरे के दौरान गोठड़ा ग्राम पंचायत की ओर से समाजसेवी हरिराम गुर्जर के नेतृत्व में सीएमडी को 10 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा गया। मांग पत्र में एचसीएल की भर्तियों में गोठड़ा के स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटें चालू कराने, टेलिंग डैम से उड़ने वाली जहरीली धूल पर नियंत्रण के लिए नियमित छिड़काव कराने, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, बंद पड़े जल स्रोतों को पुनर्जीवित करने, टाउनशिप क्षेत्र की सड़कों के सुधार, बरसात में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान, सीएसआर मद से ग्राम पंचायत को बजट उपलब्ध कराने तथा टेलिंग डैम पर स्थायी सुरक्षा गार्ड तैनात करने सहित विभिन्न मांगें रखी गईं।
