हर्ष स्वामी
भीम प्रज्ञा न्यूज.खेतड़ीनगर। हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (एचसीएल) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) अनुपम मिश्र के खेतड़ी कॉपर कॉम्प्लेक्स (केसीसी) दौरे के दौरान मेघवाल समाज की ओर से धर्मशाला निर्माण के लिए भूमि आवंटित करने की मांग उठाई गई। मेघवाल समाज संघ के जिला उपाध्यक्ष व खेतड़ी तहसील अध्यक्ष राजकुमार बाडेटिया ने सीएमडी को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि खेतड़ी कॉपर कॉम्प्लेक्स एवं खेतड़ीनगर क्षेत्र में मेघवाल समाज के लगभग 30 प्रतिशत सदस्य स्थायी एवं अस्थायी रूप से कार्यरत हैं। समाज के अनेक परिवार वर्षों से यहां निवास कर रहे हैं और सामाजिक, धार्मिक तथा सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।समाज ने कहा कि वर्तमान में उनके पास सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों, सामुदायिक बैठकों, विवाह समारोह तथा अन्य जनहित गतिविधियों के आयोजन के लिए स्वयं की धर्मशाला नहीं है। इसके अभाव में विभिन्न आयोजनों के दौरान काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि खेतड़ीनगर में अन्य कई समाजों को पहले ही धर्मशाला निर्माण के लिए भूमि आवंटित की जा चुकी है। ऐसे में समानता और सामाजिक समरसता की भावना को ध्यान में रखते हुए मेघवाल समाज को भी धर्मशाला निर्माण हेतु उपयुक्त भूमि आवंटित की जाए। समाज के प्रतिनिधियों ने सीएमडी से आग्रह किया कि मेघवाल समाज की जनसंख्या एवं आवश्यकताओं को देखते हुए शीघ्र भूमि आवंटन की कार्रवाई की जाए, ताकि समाज को सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों के संचालन के लिए स्थायी सुविधा उपलब्ध हो सके।
