भीम प्रज्ञा न्यूज.झुंझुनूं। जिला कलक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने बुधवार को मलसीसर उप जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का बारीकी से अवलोकन करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने पंजीकरण काउंटर, दवा वितरण केंद्र, ओपीडी, आईपीडी तथा विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों को समय पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने तथा अस्पताल की सभी व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। डॉ. गर्ग ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई और सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए चिकित्सा अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और व्यवस्थित अस्पताल मरीजों के बेहतर उपचार और विश्वास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को अधिक से अधिक आभा आईडी बनाने, अंगदान के प्रति आमजन को जागरूक कर संकल्प पत्र भरवाने, दवाओं एवं जांचों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा मां योजना के तहत अधिक से अधिक पैकेज बुक करने के निर्देश दिए। साथ ही एचपीवी वैक्सीन का नियमित रूप से टीकाकरण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मलसीसर उप जिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. सतवीर सिंह सहित चिकित्सक एवं चिकित्सा स्टाफ उपस्थित रहें।
