भीम प्रज्ञा न्यूज़.चिड़ावा। राजस्थान सरकार के श्रीयादे माटी कला बोर्ड द्वारा माटी कला कामगारों को आवंटित करने के लिए 24 मशीनें चिड़ावा पहुंच गई हैं। ये मशीनें पिलानी और सूरजगढ़ विधानसभा क्षेत्रों के लॉटरी द्वारा चयनित कामगारों को दी जाएंगी। बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद राय टांक द्वारा भेजी गई इन मशीनों में 24 स्वचालित इलेक्ट्रिकल चाक मशीनें और मिट्टी गोंदने की स्वचालित इलेक्ट्रिकल मशीनें शामिल हैं। कुम्हार कुमावत महासभा के जिला अध्यक्ष विनोद कुमार कुमावत, भाजपा नगर मंडल के पूर्व अध्यक्ष बाबूलाल वर्मा, महासभा के जिला कार्यकारी अध्यक्ष राधे श्याम ऑपरेटर और महासभा के युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा ने बताया कि कुछ दिन पहले पूरे झुंझुनू जिला की सातों विधानसभाओं के 158 आवेदकों में से 70 चयनित आवेदकों की लॉटरी मोरवाल मंगल भवन झुंझुनू में निकाली गई थी।
इसी क्रम में मंगलवार को पिलानी एवं सूरजगढ़ विधानसभा के चयनित कामगारों के लिए मशीनें चिड़ावा पहुंची हैं। शेष विधानसभाओं—झुंझुनू और नवलगढ़—में भी मशीनें पहुंच चुकी हैं।
पदाधिकारियों ने बताया कि चयनित कामगारों के लिए कल या परसों से 10 दिन का प्रशिक्षण शिविर शुरू होगा। प्रशिक्षण पूर्ण होने पर माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष द्वारा ये मशीनें कामगारों को प्रदान की जाएंगी। पदाधिकारियों ने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, और श्रीयादे माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद राय टांक का आभार प्रकट किया।
