भीम प्रज्ञा न्यूज़.झुंझुनूं। एक नाबालिग दुष्कर्म पीड़िता को न्याय दिलाने और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर डॉ. भीमराव आंबेडकर मूर्ति स्थल पर भीम आर्मी एकता मिशन के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन तीसरे दिन भी जारी रहा। भीम आर्मी के पदाधिकारियों ने लगातार तीसरे दिन भी भूख हड़ताल जारी रखी और चेतावनी दी है कि जब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, यह आंदोलन जारी रहेगा। जिला महासचिव (आसपा) कपिल आर्यन गोठवाल और कैलाश दास महाराज ने बताया कि प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।
अनशन पर बैठे पदाधिकारी
भूख हड़ताल पर बैठने वालों में पूर्व भीम आर्मी प्रदेश अध्यक्ष सत्यवान इंदासर, प्रदेश सचिव रवि मरोड़िया (गाडराटा), जिलाध्यक्ष विकास आल्हा, तहसील अध्यक्ष प्रीतम बिजोली (सूरजगढ़), तहसील अध्यक्ष सोमबीर आजाद (नवां) (राजगढ़), मनोज कुमार (नवां) और मदनलाल कुमार शामिल हैं।
6 दिसंबर को धरना स्थल पर श्रद्धांजलि सभा
भीम आर्मी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सत्यवान इन्दासर ने बताया कि 6 दिसंबर को संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर का महापरिनिर्वाण दिवस भी इसी धरना स्थल पर सामूहिक रूप से मनाया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक धरना-प्रदर्शन और अनशन जारी रहेगा।
सामाजिक कार्यकर्ताओं ने दिया समर्थन
धरना स्थल पर अनेक सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और भीम आर्मी के पदाधिकारी पहुंचे और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए अपना समर्थन व्यक्त किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से जिला महासचिव (आसपा) कपिल आर्यन गोठवाल, भीम आर्मी तहसील अध्यक्ष चेतराम लिखवा, जिला संघर्ष समिति जिलाध्यक्ष रामानंद आर्य, बसपा जॉन प्रभारी बंशीधर भीमसरिया, डॉक्टर हरिसिंह सांखला, पूर्व सरपंच पूर्णमल, उपसरपंच राकेश कुमार, शेरसिंह मोरवा, रवि चंदेलिया, विजेंद्र, सुभाष चंद्र, रोहितास, राजकुमार बोयल, एडवोकेट अशोक सिरोवा, सहित पीड़ित परिवार की माताजी सुनीता देवी भी उपस्थित रहीं।
