जालंधर में उपचार के दौरान ली अंतिम सांस, आज सुबह तिरंगा यात्रा के साथ नरहड़ पहुंचेगा पार्थिव शरीर
भीम प्रज्ञा न्यूज़.नरहड़/चिड़ावा।
चिड़ावा तहसील के नरहड़ गांव में शोक की लहर व्याप्त है। गांव के निवासी ITBP जवान अनिल चाहर (पुत्र बनवारी चाहर, उम्र 35 वर्ष) का जालंधर में कर्तव्य के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उपचार के दौरान वीरगति को प्राप्त हो गए। शहीद अनिल चाहर आईटीबीपी की 30वीं बटालियन, जालंधर में तैनात थे।अनिल चाहर अपने परिवार में पाँच बहनों के इकलौते भाई थे। वह अपने बूढ़े माता-पिता और बड़े परिवार में अकेले कमाने वाले थे। उनकी शहादत की खबर से पूरे गांव में गहरा शोक छा गया है।
रामसिंह बगरानिया ने बताया कि शहीद जवान का पार्थिव शरीर आज (गुरुवार) सुबह 10 बजे पिलानी के कल्पवृक्ष अस्पताल से तिरंगा यात्रा के रूप में रवाना होगा। यह यात्रा देवरोड़ होते हुए सुबह 11 बजे नरहड़ स्थित मोहम्मदिया जोहड़ पहुंचेगी, जहाँ राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
