भीम प्रज्ञा न्यूज़.चिचड़ोली/नवलगढ़। सनातन धर्म की आस्था के प्रमुख केंद्र सदा शिव सुंदर मंदिर, चिचड़ोली धाम में शिव चतुर्दशी के अवसर पर भक्ति और शक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। धाम में आयोजित भव्य-दिव्य रुद्राभिषेक और प्रभु श्री राम के अभिषेक कार्यक्रम ने समूचे क्षेत्र को शिवमय और राममय कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ शिव मंदिर में रुद्राभिषेक के साथ हुआ। पंडित वैद्य रामकृष्ण सौनक के सानिध्य में विद्वान पंडितों ने सस्वर वैदिक मंत्रोच्चार किया, जिसके पश्चात भगवान भोलेनाथ की महाआरती और ऐतिहासिक अभिषेक संपन्न हुआ। इस दौरान संपूर्ण मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गुंजायमान रहा। इस अलौकिक आयोजन में मुख्य यजमान के रूप में एडवोकेट कुंवर कृष्ण विजय सिंह शेखावत एवं शेखावत कुलभूषण ठाकुर आनंद सिंह शेखावत उपस्थित रहे। दोनों मुख्य यजमानों ने सपरिवार पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की खुशहाली और सुख-समृद्धि की कामना की।आयोजन में नवलगढ़ से आए अनेक गणमान्य नागरिकों ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। इनमें प्रमुख रूप से:
वैद्य रामकृष्ण सौनक, सज्जन कुमार जोशी, सुरेश कुमार सोनी सुनालिया, श्रीकांत पारीक, रतन कुमार नारनौलिया और कैलाश सैनी शामिल रहे। चिचड़ोली के ग्रामवासियों ने भी आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिव मंदिर के पश्चात राम दरबार में भी अलौकिक श्रृंगार और विशेष पूजा-अर्चना की गई। मुख्य यजमानों की ओर से सभी आगंतुक भक्तों और सम्मानित अतिथियों के लिए जलपान एवं भोजन प्रसाद की उत्तम व्यवस्था की गई। मंदिर के पंडित महाराज ने पूरे समय उपस्थित रहकर धार्मिक अनुष्ठानों को विधि-विधान से संपन्न करवाया। यजमानों ने इस सफल और भव्य आयोजन के लिए समस्त चिचड़ोली वासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
