भीम प्रज्ञा न्यूज़.चिड़ावा। सोमानी एजुकेशन ट्रस्ट द्वारा संचालित क्षेत्र की अग्रणी उच्च शिक्षण संस्था, चिड़ावा कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सात दिवसीय विशेष वार्षिक शिविर का आज औपचारिक समापन हुआ। शिविर के अंतिम दिन स्वयंसेवकों ने गोद लिए हुए गांव भड़ौंदा (वृन्दावन) का शैक्षणिक व सामाजिक भ्रमण कर सेवा कार्यों की मिसाल पेश की।
भ्रमण दल को सुबह 11 बजे महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. ऋचा कुलश्रेष्ठ ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। भड़ौंदा पहुँचकर छात्र-छात्राओं ने बिहारी जी मंदिर परिसर में गहन सफाई अभियान चलाया। विद्यार्थियों ने श्रमदान के माध्यम से सामुदायिक सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम के अगले चरण में आयोजित बौद्धिक सत्र के मुख्य अतिथि NSS जिला समन्वयक शशि प्रकाश अहलावत रहे। अहलावत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि NSS का मूल उद्देश्य परोपकार, सामुदायिक सेवा और चरित्र निर्माण है। उन्होंने युवाओं को मोबाइल फोन के बढ़ते दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया और साइबर फ्रॉड से बचते हुए व्यक्तित्व निर्माण पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया। शिविर के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयंसेवकों को सम्मानित भी किया गया। जिसमें
श्रेष्ठ स्वयंसेवक- सुमित टंडन, श्रेष्ठ स्वयंसेविका- मनीषा सोलंकी दोनों विजेताओं को स्मृति चिन्ह प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन नवनीत शर्मा द्वारा किया गया।अंत में इकाई प्रभारी इतिका जांगिड़ और अभिषेक सैनी ने अतिथियों व ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। इस भ्रमण दल में कुल 65 विद्यार्थी शामिल रहे, जिन्होंने पूरे उत्साह के साथ सात दिवसीय गतिविधियों को संपन्न किया।
