बाजौर प्रशासक की बहाली की मांग को लेकर भीम आर्मी ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
भीम प्रज्ञा न्यूज़ सीकर।
पंचायती राज एवं शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के हालिया सीकर दौरे के दौरान स्वच्छता व्यवस्था को लेकर बाजोर, जसरासर और सांवलोदा ग्राम के प्रशासकों को पदमुक्त किया गया था। बाद में उत्पन्न सियासी गतिरोध के चलते जसरासर और सांवलोदा के प्रशासकों को पुनः बहाल कर दिया गया, लेकिन बाजौर ग्राम प्रशासक को अब तक बहाल नहीं किए जाने से मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इसी मुद्दे को लेकर सामाजिक संगठन भीम आर्मी ने मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर सीकर को ज्ञापन सौंपकर बाजौर प्रशासक की तत्काल बहाली की मांग की है। भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष एडवोकेट जयस्वामी कल्याण ने बताया कि बाजौर ग्राम प्रशासक, जो दलित समुदाय से संबंध रखती हैं, को बहाल नहीं किया जाना सरकार की जातीय मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही प्रशासक को बहाल नहीं किया गया तो भीम आर्मी द्वारा जिला मुख्यालय सीकर पर उग्र आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन देने के दौरान एडवोकेट नंदकिशोर दानोदिया, एडवोकेट अनिल कुंदन, कृष्ण नायक, एडवोकेट सुरेंद्र दानोदिया, लोकेश माहिचा, दिलीप नायक, जयप्रकाश खारिया, पूजा वर्मा सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
