विश्व पर्यावरण दिवस पर गांव मदुवाना में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित
रजत विजय रंगा
भीम प्रज्ञा न्यूज.टोहाना।
हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और वन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गांव मदुवाना में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। एसडीएम आकाश शर्मा ने कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर पौधरोपण किया। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एवं वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भी सामूहिक रूप से पौधारोपण किया और भविष्य में पर्यावरण को संरक्षित रखने का संकल्प लिया।
एसडीएम आकाश शर्मा ने इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण पर संदेश देते हुए कहा कि प्रकृति के साथ हमारा जुड़ाव केवल एक दिन के औपचारिक आयोजन तक सीमित नहीं रहना चाहिए। पर्यावरण संरक्षण एक सतत प्रक्रिया है, जिसमें हम सभी को अपने दैनिक जीवन में छोटी-छोटी परंतु सार्थक भूमिकाओं का निर्वहन करना होगा। उन्होंने कहा जब हम एक पौधा लगाते हैं, तो हम वास्तव में केवल हरियाली नहीं बढ़ा रहे होते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवन की नींव को सुदृढ़ कर रहे होते हैं।एसडीएम ने नागरिकों से जिम्मेदारी का आह्वान किया कि वे वर्ष में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसके वृक्ष बनने तक उसकी पूर्ण देखभाल सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा लगाए गए पौधे जब विशाल वृक्ष का रूप लेते हैं, तभी वे हमें जीवनदायिनी ऑक्सीजन, शीतल छाँव और जैव-विविधता का आधार प्रदान कर पाते हैं। हर दिन हमें पर्यावरण के प्रति सजग रहकर सक्रिय प्रयास करने चाहिए, ताकि एक स्वच्छ और स्वस्थ समाज का निर्माण हो सके।प्रदूषण नियंत्रण विभाग एसडीओ दीपक कुमार ने नागरिकों को जागरूक करते हुए कहा कि सिंगल यूज़ प्लास्टिक एवं पॉलीथीन का उपयोग पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के लिए खतरा बन चुका है। प्लास्टिक प्रदूषण न केवल मिट्टी की उर्वरता और जल स्रोतों को नुकसान पहुँचा रहा है, बल्कि इसके हानिकारक प्रभाव मानव जीवन पर भी पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए समय की मांग है कि हम प्रतिबंधित प्लास्टिक उत्पादों का उपयोग पूरी तरह बंद करें और पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को अपनाएँ। साथ ही उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें तथा अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी सिंगल यूज़ प्लास्टिक एवं पॉलीथीन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर इसके उपयोग को रोकने में सक्रिय योगदान दें।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को कपड़े के थैले भी वितरित किए गए। इस अवसर पर वन विभाग से सुरेन्द्र दरोगा, गोविन्द, रामकुमार दरोगा सहित गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी उपस्थितजनों ने एसडीएम के साथ मिलकर परिसर में पौधरोपण किया और पर्यावरण को स्वच्छ, सुंदर एवं संतुलित बनाए रखने का सामूहिक संकल्प व्यक्त किया।
