भीम प्रज्ञा न्यूज.खेतड़ी/नारनौल। हरियाणा के नारनौल क्षेत्र में नेशनल हाईवे-148 बी पर अकबरपुर फ्लाईओवर के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में राजस्थान के झुंझुनू जिले के खेतड़ी क्षेत्र के एक ही परिवार की दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने अज्ञात इनोवा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार खेतड़ी तहसील के गांव शिमला निवासी नरेश कुमार अपने परिवार के सदस्यों—माता कमला, चाचा दुलीचंद, चाची भतेरी और चचेरे भाई नवनीत के साथ दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर नांगल कालिया गांव में रिश्तेदार का हालचाल जानने जा रहे थे। जब वे अकबरपुर फ्लाईओवर के पास टोल टैक्स के नजदीक पहुंचे तो दुलीचंद की मोटरसाइकिल पंचर हो गई। इसके बाद दोनों मोटरसाइकिलों को सड़क किनारे खड़ा कर सभी लोग नीचे उतर गए। इसी दौरान नारनौल की ओर से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही एक इनोवा कार ने पहले मोटरसाइकिल को टक्कर मारी और फिर सड़क किनारे खड़े पांचों लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में कमला, भतेरी, दुलीचंद और नवनीत गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि नरेश को मामूली चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए पहले नांगल चौधरी और बाद में नारनौल के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर हालत के चलते कुछ घायलों को जयपुर रेफर किया गया। नारनौल अस्पताल में डॉक्टरों ने कमला को मृत घोषित कर दिया, जबकि जयपुर में इलाज के दौरान भतेरी ने भी दम तोड़ दिया। अन्य घायलों का उपचार जारी है। शिकायत के अनुसार हादसे के बाद इनोवा चालक कुछ देर मौके पर रुका, लेकिन भीड़ बढ़ती देख वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट व अन्य दस्तावेज जुटाकर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने व मृत्यु का कारण बनने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
