नन्हे-मुन्ने बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, गुरु और माता-पिता के सम्मान का दिया संदेश
भीम प्रज्ञा न्यूज.जखराना। राजस्थान पब्लिक स्कूल, जखराना में बुधवार को गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के चेयरमैन एडवोकेट राजकुमार यादव एवं विद्या भारती पब्लिक स्कूल, निजामपुर की चेयरपर्सन डॉ. उषा यादव ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं पूजा-अर्चना के साथ किया।कार्यक्रम में किड्स ब्लॉक के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर संस्था के चेयरमैन एडवोकेट राजकुमार यादव ने गुरु की महिमा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जीवन में गुरु, माता-पिता और बड़ों का सम्मान करना प्रत्येक विद्यार्थी का प्रथम कर्तव्य है। उनके मार्गदर्शन से ही व्यक्ति जीवन में सफलता प्राप्त करता है।चेयरपर्सन डॉ. उषा यादव ने कहा कि गुरु का स्थान भगवान से भी श्रेष्ठ माना गया है। गुरु ही व्यक्ति को अज्ञानता के अंधकार से निकालकर ज्ञान और सत्य के प्रकाश की ओर ले जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से गुरुजनों के बताए मार्ग पर चलने और सदैव उनका सम्मान करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मैनेजिंग डायरेक्टर एडवोकेट पियूष यादव, विद्या भारती पब्लिक स्कूल, निजामपुर की डायरेक्टर डॉ. रविन्द्रा यादव, राजस्थान ग्रुप ऑफ एजुकेशन, जखराना के डायरेक्टर डॉ. मुकेश यादव, आरपीएस स्कूल के प्राचार्य योगेश यादव, बी.एड. कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुभाष सिंह, पीजी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. लोकेश कुमार, किड्स ब्लॉक इंचार्ज राधा चूग, आईटीआई प्राचार्य सतीश कुमार सहित समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन गुरु वंदना एवं विद्यार्थियों को प्रेरणादायक संदेश के साथ हुआ।
