रजत विजय रंगा
भीम प्रज्ञा न्यूज.फतेहाबाद। ऑनलाइन शॉपिंग के बढ़ते चलन के बीच फतेहाबाद पुलिस ने लोगों को नए तरह के साइबर फ्रॉड से सतर्क रहने की सलाह दी है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर (आईपीएस) ने एडवाइजरी जारी कर कहा है कि पार्सल बॉक्स को फेंकने से पहले उस पर लगा शिपिंग लेबल जरूर हटा दें या पूरी तरह नष्ट कर दें, क्योंकि साइबर अपराधी इन्हीं लेबलों से लोगों की निजी जानकारी जुटाकर ठगी कर रहे हैं। एसपी ने बताया कि अमेजन, फ्लिपकार्ट सहित अन्य ई-कॉमर्स कंपनियों के पार्सल पर उपभोक्ता का नाम, पता, मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी जैसी महत्वपूर्ण जानकारी दर्ज होती है। ठग कबाड़ या कूड़ेदान से इन बॉक्सों को उठाकर जानकारी हासिल करते हैं और बाद में खुद को ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी या डिलीवरी एजेंसी का कर्मचारी बताकर लोगों से संपर्क करते हैं। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी कैशबैक, लॉयल्टी रिवॉर्ड, गिफ्ट वाउचर या विशेष ऑफर का लालच देकर फर्जी लिंक भेजते हैं। कई मामलों में बैंक खाते की जानकारी, एटीएम कार्ड, सीवीवी और ओटीपी मांगकर ठगी की जाती है, जबकि कुछ मामलों में मोबाइल में मैलवेयर इंस्टॉल कर बैंक खाते से रकम भी निकाल ली जाती है।
पुलिस की अपील
फतेहाबाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पार्सल बॉक्स फेंकने से पहले शिपिंग लेबल को फाड़ दें या काटकर नष्ट कर दें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें, बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें तथा ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी का कर्मचारी बताने वाले व्यक्ति की आधिकारिक वेबसाइट या ऐप के माध्यम से पुष्टि अवश्य करें। साथ ही किसी भी अज्ञात ऐप या लिंक को डाउनलोड करने से बचें। एसपी निकिता खट्टर ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो वह तुरंत नजदीकी थाना, फतेहाबाद साइबर सेल या राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराए। उन्होंने कहा कि फतेहाबाद पुलिस साइबर अपराधों पर लगातार निगरानी रखे हुए है और ऐसे मामलों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


देश
राजनीति





