सामाजिक कोटा, भूखंड, सर्किट हाउस सुविधा व बोर्ड-निगमों में प्रतिनिधित्व देने की उठाई मांग
भीम प्रज्ञा न्यूज.जयपुर। नेशनल यूथ अवार्ड फेडरेशन ऑफ राजस्थान की ओर से राष्ट्रीय युवा पुरस्कार से सम्मानित युवाओं के लिए प्रोत्साहनात्मक सुविधाएं एवं अवसर उपलब्ध कराने की मांग को लेकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि राष्ट्रीय युवा पुरस्कार प्राप्त युवा राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता, जनजागरूकता और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे युवाओं के अनुभव और सेवाओं का लाभ समाज एवं राज्य के विकास में लिया जाना चाहिए। ज्ञापन में खेल कोटे की तर्ज पर सामाजिक कोटा लागू करने, राष्ट्रीय युवा पुरस्कार प्राप्त युवाओं को निशुल्क या रियायती दर पर आवासीय भूखंड उपलब्ध कराने, बोर्ड, निगम, आयोग एवं विभिन्न समितियों में प्रतिनिधित्व देने, सर्किट हाउस में रियायती अथवा निशुल्क आवास सुविधा उपलब्ध कराने तथा राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का ब्रांड एम्बेसडर नियुक्त करने की मांग की गई।
फेडरेशन के प्रभारी रामसिंह चेतीवाल ने ज्ञापन में कहा कि इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय होने से राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित युवाओं का मनोबल बढ़ेगा और प्रदेश के अन्य युवाओं को भी समाजसेवा एवं राष्ट्र निर्माण के कार्यों में आगे आने की प्रेरणा मिलेगी। ज्ञापन में राज्यपाल से राजस्थान सरकार के माध्यम से इन मांगों के शीघ्र क्रियान्वयन की पहल करने का आग्रह किया गया।
