भीम प्रज्ञा न्यूज.सिंघाना।
विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस के अवसर पर प्रकृति को हरा-भरा बनाने के लिए एक बड़े महा-अभियान की शुरुआत की गई है। ‘सहयोग एक पहल संस्थान’ और हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (KCC) खेतड़ी नगर के संयुक्त तत्वावधान में इस मानसून सत्र के दौरान 21 हजार से ज्यादा पौधे लगाने का मजबूत संकल्प लिया गया है। इस अभियान की आधिकारिक शुरुआत सिंघाना स्थित तीजा वाला जोहड़ के पास, गौशाला उपचार केंद्र में 21 पौधे लगाकर की गई।पौधों के रोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। इन रोपे गए पौधों की नियमित सार-संभाल और देखरेख की जिम्मेदारी गौरक्षक रणजीत नायक को सौंपी गई है।
तीन चरणों में पूरा होगा लक्ष्य
संस्थान के अध्यक्ष युवा समाजिक कार्यकर्ता डी पी सैनी ने जानकारी देते हुए बताया कि मानसून की अच्छी बारिश के तुरंत बाद आमजन और क्षेत्रवासियों को निशुल्क पौधों का वितरण शुरू किया जाएगा। इस पूरे पौधारोपण अभियान को तीन अलग-अलग चरणों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि वितरित किए गए प्रत्येक पौधे की उचित देखरेख सुनिश्चित की जा सके।
पूर्व में भी रच चुके हैं कीर्तिमान
संस्थान का पर्यावरण संरक्षण को लेकर यह कोई पहला प्रयास नहीं है। उल्लेखनीय है कि ‘सहयोग एक पहल संस्थान’ द्वारा पूर्व में भी सिंघाना और आसपास के क्षेत्रों में 22 हजार से अधिक निशुल्क पौधे लगाए जा चुके हैं, जो आज लहलहा रहे हैं। इस बार के 21 हजार पौधों के नए लक्ष्य के साथ क्षेत्र में कुल पौधारोपण का आंकड़ा 43 हजार के पार पहुंच जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान संस्थान के पदाधिकारी अध्यक्ष डी पी सैनी, महासचिव अजीत जांगिड़, कोषाध्यक्ष सियाराम शर्मा, संगठन महामंत्री इक़बाल खान, शिक्षाविद बनवारी लाल सैनी, बुधराम गुर्जरवास, राजू गराटी, रणजीत सैनी, विक्रम सैनी, विजेंद्र ई मित्र, विपिन, तनुज, रणवीर, शुभम, प्रिंस, निहाल सिंह और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे, जो पर्यावरण को बचाने और अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए पूर्णतया समर्पित है।
