रमेशचंद
भीम प्रज्ञा न्यूज.मुंडावर। देश की सीमाओं की रक्षा करने वाला एक सैनिक आज अपनी पैतृक जमीन बचाने के लिए प्रशासनिक दफ्तरों के चक्कर लगाने को मजबूर है। खैरथल-तिजारा जिले की हरसोली तहसील निवासी और भारतीय थल सेना में कार्यरत सैनिक महेश कुमार ने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अपनी जमीन पर कथित अवैध कब्जे और धमकी का मामला उठाया है। ज्ञापन में सैनिक महेश कुमार ने आरोप लगाया कि कुछ प्रभावशाली लोग शराब के नशे में उनके साथ मारपीट कर चुके हैं और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। उनका कहना है कि ये लोग उनकी पैतृक जमीन पर जबरन कब्जा करने और रजिस्ट्री कराने का दबाव बना रहे हैं। विरोध करने पर परिवार को जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही हैं, जिसके कारण पूरा परिवार भय के माहौल में रह रहा है। सैनिक ने बताया कि वह सेना में रहकर देश की सेवा कर रहा है, लेकिन अपनी ही जमीन और परिवार की सुरक्षा के लिए उसे बार-बार प्रशासन के पास आना पड़ रहा है। आरोप है कि पहले भी पुलिस को शिकायत दी गई थी, लेकिन उस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित सैनिक ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही उनकी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया जाए और परिवार को सुरक्षा मुहैया कराई जाए। अब प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की नजरें हैं, ताकि देश सेवा में तैनात एक जवान को अपनी जमीन के लिए न्याय मिल सकें।
