भीम प्रज्ञा न्यूज.लक्ष्मणगढ़। शिक्षा, चिकित्सा, समाजसेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में एक दशक से अधिक समय से सक्रिय संतरा देवी आनंद कुमार बागड़ी मेमोरियल ट्रस्ट अपने अनुकरणीय सेवा कार्यों के कारण क्षेत्र में अलग पहचान बना चुका है। ट्रस्ट द्वारा अब तक एक दर्जन से अधिक निःशुल्क चिकित्सा शिविर, स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, जरूरतमंदों की सहायता, छात्रावास, मंदिर एवं श्मशान घाटों में निर्माण कार्य सहित अनेक जनहितकारी कार्य किए जा चुके हैं। ट्रस्ट के संयोजक राजकुमार कम्मा ने बताया कि उद्योगपति महेश कुमार बागड़ी एवं प्रेम प्रकाश बागड़ी द्वारा गठित इस ट्रस्ट ने शिक्षा, चिकित्सा और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में निरंतर कार्य किए हैं। ट्रस्ट की ओर से सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को ड्रेस व पाठ्य-पुस्तकों का वितरण, स्कूलों एवं सार्वजनिक स्थलों पर आरओ युक्त वाटर कूलर, अस्पतालों में वातानुकूलित शव बॉक्स (डीप फ्रीज), पार्कों में झूले व सीमेंटेड बेंच, मंदिरों, छात्रावासों और श्मशान घाटों में कमरों का निर्माण कराया गया है। इसके अलावा गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक सहयोग, निःशुल्क चिकित्सा एवं आयुर्वेदिक शिविर, दवा वितरण, वृक्षारोपण अभियान, सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार और राष्ट्रीय कार्यक्रमों में सहभागिता जैसे कार्य भी नियमित रूप से किए जाते हैं।
ट्रस्ट प्रतिवर्ष 13 अप्रैल को आनंद कुमार बागड़ी स्मृति शेखावाटी महात्मा ज्योतिबा फुले अवार्ड तथा 24 जुलाई को संतरा देवी बागड़ी स्मृति शेखावाटी सावित्रीबाई फुले अवार्ड के माध्यम से समाजसेवा, शिक्षा एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करता है। ट्रस्ट के उल्लेखनीय सामाजिक योगदान के लिए वर्ष 2023 में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित सार्वजनिक समारोह में तत्कालीन प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक एवं जिला कलक्टर ने प्रशस्ति-पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर ट्रस्ट को सम्मानित किया था। ट्रस्ट का उद्देश्य सेवा, सहयोग और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य करना है।
