श्री सनातन धर्म पंचायत उमावि में गुरु पूर्णिमा महोत्सव एवं शिक्षाविद् स्व. पं. मुरलीधर ढण्ढ का जन्मोत्सव श्रद्धा व सम्मान के साथ मनाया
पवन कुमार शर्मा
भीम प्रज्ञा न्यूज.मंडावा। श्री सनातन धर्म पंचायत उच्च माध्यमिक विद्यालय, मण्डावा में बुधवार को गुरु पूर्णिमा महोत्सव एवं विद्यालय के पूर्व प्राचार्य एवं शिक्षाविद् स्वर्गीय पंडित मुरलीधर ढण्ढ का जन्मोत्सव श्रद्धा, सम्मान एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया।समारोह में शिक्षा, समाज एवं सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।कार्यक्रम में पूर्व पालिकाध्यक्ष सज्जन मिश्रा, शिक्षाविद् भोला सिंह यादवंशी, कार्यक्रम संयोजक भास्कर शर्मा, डॉ. साधना शर्मा, विनायक शर्मा, विष्णु शर्मा, राजेन्द्र सनोदिया, वंदना मिश्रा, रंजना शर्मा, भगवती प्रसाद जोशी एवं रमा जोशी सहित अन्य अतिथि मंचासीन रहें। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर अतिथियों ने गुरु परंपरा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय सनातन संस्कृति में गुरु को साक्षात ईश्वर का स्वरूप माना गया है। गुरु ही ज्ञान, संस्कार और जीवन-दर्शन का मार्ग प्रशस्त करते हैं तथा शिष्यों को सही दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। वक्ताओं ने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपने गुरु के प्रति समर्पण, श्रद्धा एवं सम्मान की भावना रखनी चाहिए, क्योंकि गुरु के बिना ज्ञान की प्राप्ति संभव नहीं है। गुरु ही अज्ञान रूपी अंधकार को दूर कर जीवन को प्रकाशमय बनाते हैं। इस अवसर पर अतिथियों ने विद्यालय के पूर्व प्राचार्य एवं शिक्षाविद् स्वर्गीय पंडित मुरलीधर ढण्ढ के व्यक्तित्व एवं कृतित्व का स्मरण करते हुए उनके शिक्षा क्षेत्र में दिए गए उल्लेखनीय योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि उनका अनुशासन, समर्पण और शिक्षण शैली आज भी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत है। विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. विद्या पुरोहित ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया तथा गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत एवं गुरु महिमा वंदना से हुई। छात्राओं की आकर्षक प्रस्तुति ने उपस्थित जनों का मन मोह लिया और सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। समारोह में पवन कुमार टेलर, सुनील जोशी, रामस्वरूप भूतिया, पत्रकार सूर्यप्रकाश लोहारा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का सफल संचालन वंदना मिश्रा ने किया।
