भीम प्रज्ञा न्यूज.झुंझुनूं। अंगदान के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को जिले के सबसे बड़े राजकीय बीडीके अस्पताल से कलेक्ट्रेट तक ‘अंगदान-महादान’ जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय, झुंझुनूं के विद्यार्थियों ने रैली में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए शहरवासियों को अंगदान का संदेश दिया। रैली को बीडीके अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी एवं अतिरिक्त अधीक्षक डॉ. जितेंद्र भाम्बू ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली बीडीके अस्पताल से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से कलेक्ट्रेट पहुंची तथा रोड नंबर-1 होते हुए पुनः अस्पताल परिसर में संपन्न हुई। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने हाथों में तख्तियां लेकर “अंगदान ही महादान है” जैसे प्रेरक नारे लगाए और ओपीडी में आए मरीजों व उनके परिजनों सहित आमजन को अंगदान के लिए प्रेरित किया। डॉ. जितेंद्र भाम्बू ने कहा कि युवाओं और आमजन की सक्रिय भागीदारी अंगदान अभियान को नई ऊर्जा दे रही है। उन्होंने बताया कि एक स्वस्थ व्यक्ति अंगदान कर आठ जरूरतमंद लोगों को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि झुंझुनूं जिला अंगदान की शपथ दिलाने के अभियान में राज्य स्तर पर अग्रणी स्थान पर है। कार्यक्रम में आरएमओ डॉ. सिद्धार्थ शर्मा, अंगदान नोडल अधिकारी एवं सहायक आचार्य (सर्जरी) डॉ. अभय सिंह, जीकॉन नोडल अधिकारी अंजना चौधरी, नर्सिंग अधीक्षक प्यारेलाल, मंजू कटारिया, सरिता सैनी, पूनम भास्कर, पूनम डांगी सहित नर्सिंग महाविद्यालय का स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
