रमेशचंद
भीम प्रज्ञा न्यूज.मुंडावर। ग्राम सुहेटा में स्थित आंगनवाड़ी केंद्र की जर्जर हालत को लेकर विधायक ललित यादव ने मंगलवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भवन की स्थिति अत्यंत खस्ताहाल पाई गई। दीवारों से प्लास्टर उखड़ा हुआ था और कई जगह दरारें व क्षति साफ दिखाई दे रही थी, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने का अंदेशा है। विधायक ने कहा कि बरसात के मौसम में इस तरह के जर्जर भवन में छोटे बच्चों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का बैठना बेहद जोखिम भरा है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते मरम्मत या नए भवन का निर्माण नहीं कराया गया तो यह बच्चों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। बच्चों के भविष्य और सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। इस दौरान विधायक ललित यादव ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को मौके पर ही शिकायत सौंपकर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने प्रशासन से आंगनवाड़ी के लिए सुरक्षित और उपयुक्त भवन उपलब्ध कराने की मांग की। ग्रामीणों ने भी भवन की जर्जर स्थिति से अवगत कराते हुए जल्द समाधान की मांग रखी। विधायक ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि इस मुद्दे को प्राथमिकता के आधार पर उठाकर समस्या का शीघ्र समाधान कराया जाएगा।
