पवन कुमार शर्मा
भीम प्रज्ञा न्यूज.मंडावा। मुख्यमंत्री 181 जनसंपर्क शिकायत पोर्टल पर दर्ज शिकायत के आधार पर बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंडावा स्थित केडिया किराना स्टोर पर पहुंचकर जांच की। शिकायत में बेसन की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए गए थे। शिकायत के सत्यापन के लिए विभागीय टीम ने नियमानुसार दुकान से बेसन का खाद्य नमूना लिया। अधिकारियों ने बताया कि नमूने को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, जयपुर भेजा गया है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि नमूना निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया जाता है तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए नमूना संग्रहित किया गया है। कार्रवाई के दौरान विभागीय टीम में महेंद्र सिंह, मेहनतकश लालु यादव सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। विभाग ने आमजन से भी अपील की है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता संबंधी किसी भी प्रकार की शिकायत होने पर संबंधित माध्यमों के जरिए सूचना दें, ताकि समय पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
