भीम प्रज्ञा न्यूज.जयपुर। कांग्रेस विधायक अशोक चांदना ने पुलिस पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को परेशान करने का आरोप लगाते हुए धमकी दी है। उन्होंने कहा- किसी गलतफहमी में मत रहना, 3 साल बाद पर्ची सरकार चली जाएगी। आपके आका, आपको ढूंढने से भी नहीं मिलेंगे। किसी के इशारे पर अगर कोई कांग्रेस कार्यकर्ता के ऊपर अत्याचार करेगा, उनका तेल निकाल दिया जाएगा। हिंडोली (बूंदी) विधायक बुधवार को सांगोद में देहात कांग्रेस की ओर से निकाली गई ट्रैक्टर रैली में बोल रहे थे। विधायक का वीडियो सोशल मीडिया पर गुरुवार को शेयर हुआ। चांदना ने कहा- आज-कल कोटा-बूंदी में बिरला जी के पाले हुए घूम रहे हैं। जो पुलिस प्रशासन के तंत्र को अपने हाथ में रखते हैं और लोगों की खिंचाई करवाते हैं। जो भी कांग्रेस कार्यकर्ता के ऊपर अत्याचार करता है, उसको अगर खून के आंसू नहीं रुलाया तो मेरा नाम अशोक चांदना नहीं।
केंद्र सरकार ऑनलाइन गेमिंग वालों को लाइसेंस दे रही चांदना ने कहा- केंद्र सरकार ऑनलाइन गेमिंग वालों को लाइसेंस दे रही है। फिर चुनाव के समय उनसे चंदा ले रही है। ये तो वो सरकार आ गई, जो आपके बच्चों को जुआ-सट्टा खिलाने के लाइसेंस दे रही है। जब तक देश को तोड़ने वाली ताकतों को सत्ता से बाहर नहीं कर देंगे। जब तक हजारों किसानों की जान लेने वाली सरकार को सत्ता से बाहर नहीं कर देंगे। जब तक इस देश की युवा पीढ़ी को नशा और जुआ सिखाने वाली ताकत को बाहर नहीं कर देंगे, तब तक कांग्रेस का कार्यकर्ता शांति से नहीं बैठेगा।