भीम प्रज्ञा न्यूज़.गुढ़ा।
सेठ श्री केदारनाथ मोदी राजकीय महाविद्यालय, गुढ़ा (झुंझुनू) में दिनांक 02.12.2025 को पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय, सीकर द्वारा आयोजित अंतर महाविद्यालय क्रॉस-कंट्री (पुरुष एवं महिला वर्ग) प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह महाविद्यालय परिवार के लिए अत्यंत गौरव का विषय है कि महाविद्यालय लगातार चैथी बार इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में खेल भावना, प्रतिस्पर्धात्मक उत्कृष्टता तथा स्वस्थ शारीरिक एवं मानसिक विकास को प्रोत्साहन मिलता है। महाविद्यालय की प्राचार्य ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि क्रॉस-कंट्री प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रातः 06.30 बजे हरी झंडी दिखाकर किया जाएगा। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि खेल न केवल शारीरिक फिटनेस का आधार हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व-क्षमता और टीम-स्पिरिट को भी विकसित करते हैं। महाविद्यालय के खेल सचिव डॉ. कुलदीप ढाका ने प्रतियोगिता की रूपरेखा, मार्ग, आयोजन व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन तथा अन्य तकनीकी पहलुओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय द्वारा सभी व्यवस्थाएँ विश्वविद्यालय मानकों के अनुरूप की गई हैं, ताकि प्रतिभागी विद्यार्थियों को बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। इस अंतर महाविद्यालय क्रॉस-कंट्री प्रतियोगिता में सीकर एवं झुंझुनू जिले के विभिन्न राजकीय एवं निजी महाविद्यालयों के विद्यार्थी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।
इसके अतिरिक्त, महाविद्यालय परिसर में 03.12.2025 से 04.12.2025 तक अंतर महाविद्यालय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। बास्केटबॉल के इस दो दिवसीय आयोजन के लिए तकनीकी समितियों, निर्णायकों, प्रबंधन टीम तथा मैदान की सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। इस प्रतियोगिता से विद्यार्थियों की टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, रणनीतिक सोच तथा खेल-कौशल को और अधिक मजबूती मिलेगी।
