संपादकीय@एडवोकेट हरेश पंवार
जोश और होश का संगम: जीवन की दिशा, सफलता की परिभाषा
मानव जीवन अपने आप में एक अद्भुत रंगमंच है—जहां हर व्यक्ति एक अभिनेता भी है, निर्देशक भी, और अपनी नियति का लेखक भी। लेकिन इस विशाल और जटिल मंच पर सफल वही होता है, जो अपनी भावनाओं, विचारों, साहस और विवेक का संतुलित उपयोग करना जानता है। यही कारण है कि कहा गया है— “आगे बढ़ने के लिए जोश चाहिए और जीवन जीने के लिए होश चाहिए।”
यह विचार मात्र एक वाक्य नहीं, बल्कि जीवन की गहराई से निकला हुआ ऐसा सत्य है, जिसे समझ लेने के बाद व्यक्ति कभी उलझता नहीं, कभी रुकता नहीं, और कभी हारता नहीं। यहां मैं बोलूंगा तो फिर कहोगे कि बोलता है।
सफल, सार्थक और सुखद जीवन की बुनियाद तीन तत्वों से मिलकर बनती है— दिमाग में शांति, होठों पर मुस्कुराहट और हृदय में कोमलता।
जिस व्यक्ति के विचार शांत हों, उसके निर्णय स्थिर और स्पष्ट होते हैं। जिसके होठों पर मुस्कुराहट हो, वह हर परिस्थिति से जूझने का आत्मविश्वास रखता है। और जिसके हृदय में कोमलता हो, वह दुनिया के कठोरतम संघर्षों में भी मानवता को बचाए रखता है।
लेकिन प्रश्न यह है कि जब हमारे भीतर क्षमता भी है, सामर्थ्य भी है, संसाधन भी हैं, फिर भी हम आगे क्यों नहीं बढ़ पाते? इसका उत्तर स्पष्ट है— हिम्मत की कमी।
दुनिया में कोई भी लक्ष्य मनुष्य की हिम्मत से बड़ा नहीं होता। हारा हुआ वह नहीं जो गिर गया, बल्कि वह है जिसने उठने की हिम्मत छोड़ दी। किसी भी ऊँचाई को छूने के लिए उड़ान ज़रूरी है और उड़ान के लिए पंखों से ज़्यादा हौसले की जरूरत होती है।
जीवन हमेशा सरल नहीं होता। इसमें ठोकरें भी हैं, बाधाएँ भी हैं, और कुछ हानियाँ भी। परंतु हर हानि को सिर पर लादकर चलना, हर तनाव को दिल में बसाकर जीना, यह समझदारी नहीं। कहा भी गया है—
“जो चोंच देता है, वह चुग्गा भी देता है।”
जिस परमशक्ति ने जीवन दिया है, वही जीवन की आवश्यकताओं का ध्यान भी रखती है। इसलिए खोए हुए पर पछताने और भविष्य की चिंताओं में दिमाग को बोझिल करने के बजाय सहज और मस्त होकर जीना सीखिए।
मनुष्य का अवसाद, तनाव और अधीरता इसी कारण बढ़ रही है कि वह होश खोकर केवल जोश में दौड़ रहा है, या केवल होश में रहकर कदम उठाने से डर रहा है। जीवन दोनों के संतुलन से ही बनता है।
जोश वह ऊर्जा है, जो व्यक्ति को आगे बढ़ने, नया करने, संघर्ष करने और इतिहास रचने को प्रेरित करता है।
होश वह दिशा है, जो बताती है कि कहाँ जाना है, कैसे जाना है और किस रास्ते जाना है।
यदि केवल जोश हो और होश न हो, तो व्यक्ति गलत फैसले लेकर जीवन की दिशा खो देता है।
और यदि केवल होश हो और जोश न हो, तो व्यक्ति योजनाओं में उलझकर सपनों की उड़ानभरने से चूक जाता है।
इसलिए जीवन की गाड़ी को आगे बढ़ाने के लिए संतुलन अनिवार्य है—
एक पहिया उत्साह का, दूसरा समझदारी का।
हमारी समस्या यह भी है कि हम दूसरों की सफलता देखकर उत्साहित हो जाते हैं और अपनी छोटी-सी असफलता देखकर निराश।
सच यह है कि जीवन किसी दौड़ का नाम नहीं, बल्कि एक यात्रा है—जितनी शांत, उतनी सुहावनी; जितनी संयमित, उतनी सफल।
किसी भी नए काम को शुरू करने के लिए जोश चाहिए—
नई नौकरी के लिए, नया व्यवसाय शुरू करने के लिए, कठिनाइयों का सामना करने के लिए, अपने सपनों को साकार करने के लिए।
लेकिन इन सपनों को टिकाऊ बनाने के लिए, सही दिशा में चलाने के लिए, अभ्यास, अनुशासन और बुद्धिमत्ता की आवश्यकता होती है—जिसे हम होश कहते हैं।
आज के जीवन में जहाँ तनाव, प्रतिस्पर्धा और अनिश्चितता बढ़ रही है, वहाँ व्यक्ति को सबसे अधिक आवश्यकता है अपनी भावनाओं को समझने की, मन को शांत रखने की और खुद पर भरोसा करने की।
क्योंकि— “जिसकी जरूरतें कम हैं, उसके हाथ में दम है।”
जो अपने जीवन को सरल रखता है, वही अपने मन को मजबूत रख पाता है।
यदि हम अपनी आवश्यकताओं को सीमित कर लें, अहंकार को दूर रख दें, और अपने सपनों के प्रति ईमानदार रहें, तो हमें आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता।
सफलता बाहरी परिस्थितियों पर नहीं, बल्कि इस बात पर निर्भर है कि हम अपने भीतर कितनी दृढ़ता, कितनी सकारात्मकता और कितना विवेक रखते हैं।
अंततः जीवन का सार यही है—
उत्साह से आगे बढ़ो, बुद्धि से जीवन जियो।
जोश आपको मंज़िल की ओर ले जाएगा, और होश यह सुनिश्चित करेगा कि आप रास्ते में भटकें नहीं।
यही दोनों मिलकर जीवन को सुंदर, सफल और सार्थक बनाते हैं।
भीम प्रज्ञा अलर्ट
“जिस दिन इंसान अपनी सोच बदल लेता है, उसी दिन उसकी किस्मत बदलने लगती है, क्योंकि हालात कभी रोक नहीं पाते—रोकता है तो बस मन का भय और कल पर टाल देने की आदत।”
