सोहनलाल परिहार
भीम प्रज्ञा न्यूज़.बीकानेर। अखिल राजस्थान उपभोक्ता संगठन महासंघ की बीकानेर जिला शाखा कार्यालय में शनिवार, 6 दिसंबर 2025 को, महासंघ की प्रदेश कार्यकारिणी द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक महासंघ के राष्ट्रव्यापी अभियान “उपभोक्ता भारत यात्रा” के सफल आयोजन और उसमें भागीदारी को लेकर विचार-विमर्श करने के लिए बुलाई गई थी। महासंघ के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनन्त शर्मा के नेतृत्व में होने वाली इस यात्रा की विस्तृत जानकारी प्रदेश अध्यक्ष योगेश पालीवाल ने दी। उन्होंने बताया कि ‘उपभोक्ता भारत यात्रा’ 24 दिसंबर 2025 को दिल्ली से रवाना होगी और 15 मार्च 2026 को कश्मीर से दिल्ली पहुँचकर समाप्त होगी।
यह यात्रा उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागृत करने के लिए एक राष्ट्रव्यापी अभियान है, जिसका मुख्य उद्देश्य पूरे भारत में उपभोक्ता आंदोलन का संदेश फैलाना है। बैठक में यात्रा की तैयारियों और उसमें अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के संबंध में गहन विचार विमर्श किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन जिला अध्यक्ष धनसुख आचार्य ने किया। बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी के प्रमुख सदस्य जैसे प्रदेश सचिव नरसिंह दास व्यास और मुमताज शेख, प्रदेश संयुक्त सचिव निर्मला जी चौहान, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सीमा रामपुरिया, जिला अध्यक्ष धनसुख आचार्य, तथा उपभोक्ता संरक्षण एवं सुरक्षा समिति के सदस्य श्रीपाल रामपुरिया और सोनू रामपुरिया शामिल हुए। सभी उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से ‘उपभोक्ता भारत यात्रा’ में शामिल होने का आह्वान किया, ताकि यह संदेश पूरे देश के उपभोक्ता कार्यकर्ताओं तक पहुँच सके और उपभोक्ता हितों की रक्षा के लिए एक मजबूत राष्ट्रीय आंदोलन खड़ा किया जा सकें।
