रजत विजय रंगा
भीम प्रज्ञा न्यूज़.फतेहाबाद।
भोड़िया खेड़ा स्थित राजकीय महिला कॉलेज के अध्ययन केंद्र (स्टडी सेंटर 1031) में जुलाई 2025 सत्र में प्रवेश लेने वाले इग्नू शिक्षार्थियों के लिए रविवार को इंडक्शन मीटिंग का आयोजन किया गया। मीटिंग का उद्देश्य नए विद्यार्थियों को इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) की कार्यप्रणाली तथा अध्ययन प्रक्रिया से अवगत कराना रहा। स्टडी सेंटर के संयोजक डॉ. गुरनाम चंद ने बताया कि इग्नू, नई दिल्ली के क्षेत्रीय केंद्र करनाल से सहायक निदेशक डॉ. अमित जैन ने ऑनलाइन माध्यम से छात्रों को संबोधित किया तथा विश्व की सबसे बड़ी ओपन यूनिवर्सिटी का हिस्सा बनने पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों को इग्नू की अध्ययन प्रणाली, असाइनमेंट प्रक्रिया, परीक्षा पद्धति तथा आवश्यक शैक्षणिक शब्दावली के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की।
डॉ. गुरनाम चंद ने छात्रों को अवगत कराया कि यदि शिक्षार्थी समयानुसार अपने सभी अकादमिक दायित्व पूर्ण करते हैं तो निर्धारित अवधि के भीतर उनकी डिग्री उनके पते पर भेज दी जाती है। उन्होंने यह भी बताया कि इग्नू द्वारा संचालित सभी कोर्स राष्ट्रीय स्तर पर पूर्णतः मान्यता प्राप्त हैं तथा इनके पाठ्यक्रम को उत्कृष्ट गुणवत्ता के लिए व्यापक रूप से सराहा जाता है।
कार्यक्रम में स्टडी सेंटर के अकादमिक काउंसलर डॉ. राजा राम, भारती शर्मा, राजवीर आर्य, सीताराम, दिनेश कुमार, राय सिंह, कृष्ण कुमार, रामनिवास तथा गैर-अकादमिक स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया तथा विशेषज्ञों द्वारा उनके सभी प्रश्नों का समाधान किया गया।
