रमेशचंद्र
भीम प्रज्ञा न्यूज़.नीमराना। उपखंड क्षेत्र के तलवाना गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में सोमवार को CSR के तहत एक सराहनीय सामाजिक पहल देखने को मिली। नीमराना जापानी ज़ोन की प्रतिष्ठित कंपनी ACI मित्सुई प्राइम ने विद्यार्थियों के हित में शिक्षा-सहयोग का महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विद्यालय के सभी बच्चों को ट्रैकसूट, स्कूल बैग, जूते, पानी की बोतल और संपूर्ण स्टेशनरी सामग्री वितरित की। कंपनी की इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को अध्ययन-संबंधी संसाधन उपलब्ध कराना और उन्हें शिक्षा के प्रति और अधिक प्रेरित करना है। कार्यक्रम में कंपनी के प्रबंध निदेशक मिचिहारू मुराओका के साथ ACI टीम के सदस्य राजेंद्र साहू, दीपक मोदी, संजय जैसवाल, विकास वर्मा, तान्या शर्मा तथा दिव्यांशी मौजूद रहे। विद्यालय की ओर से सभी शिक्षकगण कार्यक्रम में शामिल हुए और कंपनी द्वारा किए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना की। तलवाना के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और उनके सर्वांगीण विकास की दिशा में यह पहल एक प्रेरक मिसाल बनकर सामने आई है।
