भीम प्रज्ञा न्यूज़.लक्ष्मणगढ़। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सीकर ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर नगर परिषद परिसर में हो रही राजनीतिक और गैर-प्रशासनिक गतिविधियों पर कड़ी आपत्ति जताई है। कमेटी ने बताया कि पिछले कुछ समय से नगर परिषद जैसे महत्वपूर्ण सरकारी परिसर का उपयोग राजनीतिक समारोहों, बैठकों और शक्ति प्रदर्शन के लिए किया जा रहा है, जो न केवल प्रशासनिक मर्यादाओं के विरुद्ध है बल्कि सरकारी तंत्र की निष्पक्षता पर भी प्रश्नचिह्न लगाता है। कमेटी ने यह भी कहा कि नगर परिषद जैसी जगहें जनसेवा और प्रशासनिक कार्यों के लिए बनी हैं, किसी भी दल या संगठन के राजनीतिक एजेंडे के प्रचार के लिए नहीं, ज्ञापन में जिला प्रशासन का ध्यान इस ओर दिलाया गया कि सरकारी परिसरों का राजनीतिक उपयोग अधिकारियों पर अनावश्यक दबाव का वातावरण बनाता है और यह स्थिति लोकतांत्रिक प्रशासनिक व्यवस्था के लिए ठीक नहीं है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने मांग की कि नगर परिषद परिसर में किसी भी प्रकार के राजनीतिक कार्यक्रम, सभा या आयोजन पर तत्काल रोक लगाई जाए और सरकारी संपत्तियों का दुरुपयोग रोकने हेतु स्पष्ट निर्देश जारी किए जाएँ ।कांग्रेस कमेटी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन सात दिनों के भीतर इस विषय में आवश्यक कार्रवाई नहीं करता है, तो ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शहर में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करेगी। जिसकी समस्त जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष राजेश सैनी, दिनेश सैनी, मकसूद अली कुरैशी, अब्दुल लतीफ खोखर, अलादीन तगाला, काशीराम माउका, हासिम कछावा, इमरान भाटी, विजेंद्र सैनी, शाकिर अली, इतिहास पाराशर, सुमित जोशी, श्रीनिवास सैनी, ओमप्रकाश पंवार, राकेश बाजोर, मुकेश हर्ष, सतपाल धीवा, अब्दुल रईस भारती, मोईन बिसायती, जाकिर हुसैन, सज्जाउद्दीन तंवर, जुबेर नारू, वाजिद अली, उमेश सैनी, कैलाश सैनी, रवि सैनी, सज्जन सैनी आदि कांग्रेस कार्यकर्त्ता मौजूद रहें।
