मनोज बुलाण
भीम प्रज्ञा न्यूज़.मंडी अटेली।
अटेली तहसील के नंबरदारों की बैठक अटेली अनाज मंडी में गुरुवार को जिला प्रधान रगबीर सिंह की अध्यक्षता में हुई। जिसमें नंबरदारों की समस्याओं को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह व स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के 13 दिसंबर को नारनौल में आगमन पर उनकी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा जाएगा। अटेली तहसील प्रधान रमेश नंबरदार ने कहा कि अटेली तहसील के नंबरदारों को जिले की दूसरी तहसीलों के मुकाबले कम मानदेय मिलता है, वेतन का टीडीएस का काट दिया जाता है। इस बारे में अनेक बार प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कर दिया है लेकिन ध्यान नहीं दिया जा रहा है। नंबरदार राजस्व विभाग में प्रशासन व आम आदमी के रूप में एक कड़ी के रूप में कार्य करता है। नंबरदारों की नियुक्ति की फाइलों को चलाया जाए जो लंबे समय से पेंडिंग है। 73 वर्ष के नंबरदारों का मानदेय शुरू किया जाये। तोबड़ा के नंबरदार भूपेंद्र खर्ब ने कहा कि नंबरदार राजस्व विभाग में प्रशासन का काफी कार्य करते है तथा गलत रिकार्ड दर्ज होने से बचाते है। इस मौके पर मास्टर धर्मेंद्र मिर्जापुर, नंबरदार भूपेंद्र खर्ब, जयपाल, अतर सिंह खारीवाड़ा, कृष्ण कुमार, सुनिल नंबरदार, रामनिवास नंबरदार, लक्ष्मीनारायण, वेदपाल नंबरदार, प्रकाश चंद सहित अटेली तहसील के अनेक नंबरदार मौजूद रहे।
हरियाणा रिटायर्ड कर्मचारी संघ की बैठक 13 को अटेली में
मनोज बुलाण
भीम प्रज्ञा न्यूज़.मंडी अटेली।
हरियाणा रिटायर्ड कर्मचारी संघ अटेली खंड की बैठक 13 दिसंबर को कस्बे के हनुमान मंदिर पुराने बस स्टैंड पर होगी। रिटायर्ड कर्मचारी संघ के प्रधान बलबीर सिंह ने बताया सरकार रिटायर्ड कर्मचारियों की मांगों को अनदेखा कर रही है। भारत सरकार अपने बिल में विधेयक में रिटायर्ड कर्मचारियों को लाभ से वंचित करना चाहती है। रिटायर्ड कर्मचारियों की मांगों को लेकर आगामी 17 दिसंबर को पूरे देश में रिटायर्ड कर्मचारी संघ फेडरेशन के तत्वावधान में जिलेवार उपायुक्तों को ज्ञापन सौंपा जाएगा। प्रधान ने अटेली में होनेवाली बैठक में जयादा से ज्यादा कर्मचारियों के पहुंचने की अपील की ताकि 17 को होने वाले प्रदर्शन को सफल बनाया जा सकें।
