रमेशचंद्र
भीम प्रज्ञा न्यूज़.नीमराना।
नीमराना उपखंड के शाहजहाँपुर,में शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग 48 से मीणा की जोहड़ी तक प्रस्तावित लगभग 1.5 किलोमीटर लंबे अटल गौरव पथ के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया। यह मार्ग आने वाले समय में क्षेत्र की आवाजाही को सुगम बनाने के साथ-साथ विकास को भी नई दिशा देगा। सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) नीमराना के सहायक अभियंता महेंद्र यादव ने जानकारी दी कि सड़क निर्माण पर लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत आएगी। प्रस्तावित मार्ग में 7 मीटर चौड़ी सीसी सड़क और दोनों ओर 3-3 मीटर चौड़ी टाइल्स सड़क का निर्माण किया जाएगा।
विभाग ने निर्माण कार्य को 1 माह में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। फिलहाल हाइवे से बिजवाड़ मोड़ तक सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इसके आगे का कार्य अतिक्रमण हटने के बाद शुरू किया जाएगा। शुभारंभ अवसर पर मार्ग निर्माण के लिए जेसीबी का पूजन किया गया तथा नारियल फोड़कर कार्य का औपचारिक आरंभ किया गया। इस मौके पर सरपंच प्रतिनिधि रूपेश यादव, मुकेश गुप्ता, प्रकाश यादव, लोकेश गुप्ता, मुकेश शर्मा, विकास, शुभम, सतीश कुमार सहित स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद स्वरूप लड्डुओं का वितरण भी किया गया।
