कई बार गुहार लगाने के बाद भी प्रशासन मौन, ग्रामीणों में भारी रोष
भीम प्रज्ञा न्यूज़.सुल्ताना। सुल्ताना से किठाना जाने वाली मुख्य सड़क इन दिनों राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। सड़क की हालत इतनी जर्जर हो चुकी है कि पूरी सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे आए दिन छोटे-मोटे हादसे हो रहे हैं। यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया, तो यहाँ कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय ग्रामीणों और वाहन चालकों का कहना है कि सड़क के बीचों-बीच बने ये गड्ढे वाहन चलाते समय दिखाई नहीं देते, जिससे असंतुलित होकर दुपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं। रात के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। यह मार्ग मुख्य संपर्क सड़क होने के कारण यहाँ से काफी संख्या में लोगों का आवागमन रहता है, लेकिन प्रशासन की अनदेखी लोगों की जान पर भारी पड़ रही है। क्षेत्र के आमजन ने बताया कि सड़क की मरम्मत के लिए प्रशासनिक अधिकारियों और संबंधित विभाग को कई बार गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन अभी तक इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया है। लोगों का आरोप है कि प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। क्षेत्र के निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि सुल्ताना-किठाना मार्ग की जल्द से जल्द सुध ली जाए और गड्ढों को भरवाकर सड़क का नवनिर्माण करवाया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समाधान नहीं हुआ, तो वे धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
