भीम प्रज्ञा न्यूज़.सिंघाना। भैसावता गांव में शनिवार को देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद सुजान सिंह की प्रतिमा का भावपूर्ण वातावरण में अनावरण किया गया। कार्यक्रम में देशभक्ति और सम्मान का भाव स्पष्ट रूप से झलकता रहा। प्रतिमा अनावरण समारोह के मुख्य अतिथि वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता संतोष अहलावत ने की। इस अवसर पर सैनिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रेम सिंह बाजोर, सूरजगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष पुष्पा गुप्ता, दशरथ सिंह एवं संदीप शास्त्री विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके बलिदान को राष्ट्र के लिए अमूल्य बताया।
वीरांगनाओं और शहीद परिजनों का हुआ सम्मान
समारोह के दौरान शहीदों की वीरांगनाओं एवं परिजनों को सम्मानित कर समाज की ओर से कृतज्ञता व्यक्त की गई। शहीद सुजान सिंह की वीरांगना मंजू कंवर का सम्मान किया गया। इसके साथ ही घरडाना निवासी शहीद स्क्वाड्रन लीडर कुलदीप सिंह की माता कमला देवी एवं पिता रणधीर सिंह, तथा भैसावता निवासी शहीद अजय सिंह की माता सुलोचना कंवर एवं पिता कमल सिंह को भी मंच से सम्मान प्रदान किया गया।
शेखावाटी की वीर परंपरा पर वक्ताओं ने डाला प्रकाश
मुख्य अतिथि अरुण चतुर्वेदी ने कहा कि शेखावाटी क्षेत्र का सैन्य योगदान देश के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में अंकित है। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा में शहीदों का योगदान अतुलनीय है और उनकी स्मृतियों को जीवंत रखना प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने केंद्र सरकार की वन रैंक वन पेंशन योजना एवं अग्निवीर योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे युवाओं में राष्ट्रसेवा की भावना और कार्यक्षमता दोनों का विकास हो रहा है। सैनिक कल्याण बोर्ड अध्यक्ष प्रेम सिंह बाजोर ने कहा कि शहीद केवल परिवार के नहीं, पूरे समाज की धरोहर होते हैं। उन्होंने कहा कि शहीदों को सम्मान देने से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और युवा पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है।
2021 में नक्सली हमले में हुए थे वीरगति को प्राप्त
गौरतलब है कि शहीद सुजान सिंह वर्ष 2021 में ओडिशा के कोरापुट क्षेत्र में हुए नक्सली हमले के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए थे। वे सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की 155वीं बटालियन में तैनात थे। उनके परिवार में दो पुत्र ओमवीर सिंह और रविंद्र सिंह, तथा भाई सूरत सिंह हैं।
ग्रामीणों ने रखीं विकास संबंधी मांगें
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों एवं शहीद परिजनों ने क्षेत्र में ट्रॉमा सेंटर की स्थापना, सैनिक छावनी निर्माण तथा शहीद प्रतिमा स्थल तक सीसी सड़क निर्माण की मांग रखी। अतिथियों ने इन मांगों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित स्तर पर आवश्यक पहल का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में तहसीलदार बजरंग लाल जाखड़, सेवाराम गुप्ता, लियाकत अली, विशंभर पूनिया, विकास भालोठिया, वर्षा सोमरा, रतन सिंह तंवर, मोहनलाल गुप्ता, विकास शर्मा, गिरवर सिंह तंवर, हनुमान यादव, अशोक अरडावतिया, शेर सिंह, विजेंद्र भास्कर, बालकिशन भंवर टेलर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।
