सोहनलाल परिहार
भीम प्रज्ञा न्यूज़.बीकानेर। राजस्थान शिक्षक संघ (अम्बेडकर) के तत्वावधान में आयोजित होने वाले प्रदेश स्तरीय शैक्षिक सम्मेलन में भाग लेने के लिए गुरुवार को बीकानेर जिले से सैकड़ों शिक्षकों का दल नाथद्वारा के लिए रवाना हुआ। यह दल जिला अध्यक्ष बृजेश कुमार पंवार के नेतृत्व में रवाना हुआ है। यह भव्य राज्य स्तरीय सम्मेलन 19 दिसंबर 2025 को सुबह 10 बजे से दामोदर खेल स्टेडियम, नाथद्वारा (राजसमंद) में आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य शिक्षा जगत की समसामयिक चुनौतियों पर चर्चा करना और शिक्षकों की मांगों को प्रभावी ढंग से सरकार तक पहुँचाना है। रवानगी के समय जिला अध्यक्ष बृजेश कुमार पंवार ने संबोधित करते हुए कहा कि बीकानेर जिले से सैकड़ों की संख्या में शिक्षकों की यह उपस्थिति संगठन की मजबूती का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी एकता और संगठन शक्ति का परिचय देने का मंच है। हम अपनी उपस्थिति से अपनी जायज मांगों और शिक्षक हितों के लिए आवाज बुलंद करेंगे।” बीकानेर से रवाना हुए शिक्षकों में भारी उत्साह देखा गया। सभी शिक्षक ‘शिक्षक एकता जिंदाबाद’ के नारों के साथ सम्मेलन में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए उत्साहित नजर आए।
