*मौजूद मरीजों की सुनी पीड़ा, डॉक्टरों को दिए कड़े दिशा निर्देश।*
मनोज खंडेलवाल
भीम प्रज्ञा न्यूज़.महवा। शुक्रवार को राज्य के केबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने बिना पूर्व सूचना महवा जिला अस्पताल पहुंचकर व्यवस्थाओं की नब्ज टटोलते हुए पूरे परिसर का गहन निरीक्षण किया। अचानक पहुंचे मंत्री को देख अस्पताल प्रशासन सतर्क हो गया, जबकि वार्डों में भर्ती मरीजों ने अवसर पाकर अपनी समस्याएं सीधे मंत्री के समक्ष रखीं। मंत्री मीणा ने इमरजेंसी वार्ड में आए मरीजों की स्थिति पर तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित डॉक्टरों को मौके पर ही जांच तेज करने, दवाइयां समय पर उपलब्ध कराने और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के स्पष्ट निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दवा-वितरण काउंटर, पर्ची काउंटर और साफ-सफाई व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। कई स्थानों पर उन्होंने व्यवस्था सुधारने की जरूरत पर जोर दिया और पीएमओ रामसिंह मीणा सहित उपस्थित चिकित्सकों को आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सख्त और स्पष्ट आदेश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल जनता की पहली उम्मीद होती है और यहां आने वाला हर मरीज सम्मान और जिम्मेदारी का हकदार है, इसलिए चिकित्सकीय सेवाओं में किसी भी स्तर पर गिरावट बर्दाश्त नहीं की जाएगी।मंत्री मीणा ने मरीजों से सीधे संवाद करते हुए इलाज, दवा और सुविधा से जुड़े सवाल पूछे और जहां जरूरत दिखी, वहीं तत्काल निर्देश जारी करते हुए व्यवस्था में सुधार सुनिश्चित करने की बात कही। निरीक्षण करीब आधे घंटे तक चला, जिसमें उन्होंने अस्पताल प्रशासन को यह संदेश दे दिया कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर पूरी तरह गंभीर है और लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई से पीछे नहीं हटेगी।
