रमेशचंद्र
भीम प्रज्ञा न्यूज़.नीमराना। क्षेत्र में अपराधों पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से रविवार सुबह नीमराना डीएसपी चारुल गुप्ता के नेतृत्व में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। यह संयुक्त कार्रवाई नीमराना थाना पुलिस एवं शाहजहांपुर थाना पुलिस द्वारा जापानी जोन औद्योगिक क्षेत्र स्थित अनंतराज सोसायटी में की गई। अभियान के दौरान पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखते हुए कुल 19 संदिग्ध व्यक्तियों को डिटेन कर उनसे गहन पूछताछ की तथा आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है। डीएसपी चारुल गुप्ता ने बताया कि इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य बाहरी बदमाशों को क्षेत्र में पनपने से रोकना, अपराधियों में पुलिस का भय कायम रखना तथा आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास को और मजबूत करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकार के सघन चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। इस संयुक्त पुलिस कार्रवाई में नीमराना सीआई राजेश कुमार मीणा, शाहजहांपुर थाना प्रभारी प्रक्रिता, जापानी जोन चौकी इंचार्ज मनोहर लाल मीणा, घीलौट चौकी प्रभारी अमित शर्मा, हेड कांस्टेबल जगदेव यादव, राकेश यादव, कांस्टेबल अनिल कुमार, विजय सिंह सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस की इस सक्रियता से क्षेत्रवासियों में सुरक्षा को लेकर सकारात्मक संदेश गया है और लोगों ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में पुलिस की इस पहल की सराहना की है।
