*यह सिर्फ सड़क नहीं, बल्कि महवा क्षेत्र के भविष्य की मजबूत नींव है-विधायक राजेन्द्र*
मनोज खंडेलवाल
भीम प्रज्ञा न्यूज़.महवा। विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने वाली ऐतिहासिक स्वीकृति केन्द्र सरकार ने दे दी है। राष्ट्रीय राजमार्ग-921 के महवा–मंडावर–राजगढ़ सेक्शन को पेव्ड शोल्डर सहित 4-लेन बनाने के लिए 862.22 करोड़ रुपए की स्वीकृति जारी होते ही पूरे क्षेत्र में विकास की नई उम्मीदें जग गई हैं। यह परियोजना महवा बाईपास के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-21 के जंक्शन से शुरू होकर कोठी नारायणपुर में राज्य राजमार्ग-25 पर समाप्त होगी, जिससे महवा, मंडावर, राजगढ़ सहित सैकड़ों गांवों की कनेक्टिविटी नई रफ्तार पकड़ेगी और यात्रा पहले से कहीं अधिक सुरक्षित व आसान होगी। इस परियोजना की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि ट्रैफिक जाम और दुर्घटना संभावित मोड़ों पर भारी दबाव कम करने के लिए एनएच-21 जंक्शन पर एक फ्लाईओवर बनेगा। इसके साथ ही महवा, मंडावर और गढ़ी सवाईराम के लिए तीन आधुनिक बाईपास कुल 11.25 किमी लंबाई में तैयार किए जाएंगे—महवा बाईपास 4.8 किमी, मंडावर बाईपास 3.99 किमी और गढ़ी सवाईराम बाईपास 2.45 किमी—जो कस्बों के भीतर से गुजरने वाले भारी वाहनों को बाहर निकालकर ग्रामीण बस्तियों और बाजारों को स्थायी राहत देंगे। सड़क सुरक्षा को मजबूती देने के लिए माचाडी मोड़ पर 1.45 किमी का री-अलाइनमेंट भी किया जाएगा, जिसके बाद यह पूरा मार्ग तकनीकी सुरक्षा मानकों के अनुरूप एक आधुनिक हाईवे में बदल जाएगा।
*“महवा क्षेत्र को मिली ऐतिहासिक सौगात, यह विकास की वह गति है जिसकी जनता वर्षों से प्रतीक्षा कर रही थी-विधायक राजेन्द्र मीना*
परियोजना की स्वीकृति के तुरंत बाद महवा विधायक राजेन्द्र मीना ने इसे क्षेत्र की ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा, “यह सिर्फ एक सड़क परियोजना नहीं, बल्कि महवा–मंडावर–राजगढ़ क्षेत्र के भविष्य की मजबूत नींव है। इससे हमारे गांवों को सुरक्षित, चौड़ी और आधुनिक सड़क सुविधा मिलेगी। कृषि, व्यापार और शिक्षा तक पहुंच बिल्कुल आसान होगी और पूरे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नया जीवन मिलेगा। उन्होंने कहा कि इसके लिये मैं केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीना का प्रदेश व क्षेत्र की ओर से आभार व्यक्त करता हूँ कि उन्होंने इस मार्ग को फोर-लेन बनाने की महत्ती आवश्यकता को समझा और इसे प्राथमिकता दी।” विधायक ने आगे कहा कि महवा, मंडावर और गढ़ी सवाईराम बाईपास बनने से कस्बों की भीड़, दुर्घटना की आशंका और बाजारों का दबाव कम होगा, जिससे आम जनता को प्रत्यक्ष राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना आने वाले वर्षों में रोजगार, निवेश और औद्योगिक गतिविधियों के नए रास्ते खोलेगी और महवा क्षेत्र को विकास के बड़े नक्शे पर स्थापित करेगी। साथ ही केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर परियोजना की पुष्टि करते हुए बताया कि 862.22 करोड़ रुपए की इस स्वीकृति से राजस्थान में राष्ट्रीय राजमार्ग-921 का नया स्वरूप तैयार होगा, जो पूर्वी राजस्थान की कनेक्टिविटी को मजबूत बनाकर आर्थिक व सामाजिक गतिविधियों को नई ऊर्जा देगा।
