मुरलीपुर निवासी विष्णु कुमार मिश्रा की मौके पर बनाई दिव्यांग पेंशन
आलोक भांडोरिया
भीम प्रज्ञा न्यूज़.रेवाड़ी।
हरियाणा सरकार द्वारा जनसेवा की दिशा में कदम बढ़ाते हुए आयोजित किए जा रहे समाधान शिविर लोगों की समस्याओं का निराकरण करने का सशक्त माध्यम बन रहे है। प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का समय पर निपटान हो इसके लिए समाधान शिविर में आने वाली शिकायतों का त्वरित समाधान करते हुए लोगों को राहत पहुंचाई जा रही है। गुरुवार को एसडीएम ने समाधान शिविर में मुरलीपुर निवासी विष्णु कुमार मिश्रा की मौके पर ही दिव्यांग पेंशन बनवाकर उन्हें राहत पहुंचाई। डीसी अभिषेक मीणा के मार्गदर्शन में एसडीएम सुरेश कुमार ने गुरुवार को लघु सचिवालय सभागार में आयोजित समाधान शिविर में आए लोगों की शिकायतों को सुना और संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए। समाधान शिविर में आए नागरिकों ने एसडीएम के समक्ष अपनी समस्याओं को रखा जिसमें रामगढ़ रोड स्थित बुध विहार रेवाड़ी में सीवर ओवरफ्लो की शिकायत पर एसडीएम ने नगर परिषद के अधिकारियों को सीवरेज लाइन की साफ सफाई करने के निर्देश दिए। गांव रामपुरी में सार्वजनिक रास्ता पर अवैध रूप से अतिक्रमण करने की शिकायत पर एसडीएम ने डीडीपीओ को उचित कार्यवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा समाधान शिविर में जल आपूर्ति, पहचान पत्र में नाम दर्ज, पेंशन, सामाजिक सुरक्षा, राशन कार्ड, नगर परिषद से संबंधित और राजस्व मामलों से जुड़ी समस्याएं सामने आई। इनमें से कई समस्याओं की मौके पर ही कार्रवाई शुरू करते हुए नागरिकों की समस्याओं का समाधान किया गया।
एसडीएम सुरेश कुमार ने बताया कि जनता व प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित करते हुए लोगों की समस्याओं का निवारण व सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत करवाने के लिए जिला व उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार व गुरुवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं ताकि लोगों को एक स्थान पर उनकी समस्याओं को सुनकर उनका निवारण किया जा सकें।
