बीएसएफ जवान कैलाश चंद्र की सेवानिवृत्ति पर गांव में भव्य स्वागत, देशसेवा को किया नमन
सहड़ का बास में ढोल-नगाड़ों, गुलाल और साफा-माला के साथ अभिनंदन, समाज सेवा के लिए प्रेरित किया गया
भीम प्रज्ञा न्यूज़ पचेरी।
सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवान कैलाश चंद्र पुत्र सूरजराम , निवासी सहड़ का बास, के सेवानिवृत्त होकर गांव पहुंचने पर ग्रामीणों द्वारा जोरदार और भावपूर्ण स्वागत किया गया। जैसे ही वे गांव की सरहद पर पहुंचे, सैकड़ों ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से अभिनंदन करते हुए देशसेवा के प्रति उनके समर्पण को नमन किया।
गांव की मुख्य सड़क से लगभग दो किलोमीटर पहले ही स्वागत जुलूस प्रारंभ हो गया, जहां डीजे की धुन पर ग्रामीण नाचते-गाते हुए, रंग-गुलाल उड़ाते और गाजे-बाजे के साथ कैलाश चंद्र को सम्मानपूर्वक उनके घर तक लेकर पहुंचे। पूरा माहौल देशभक्ति और उत्साह से सराबोर नजर आया।
सरल, सौम्य और मिलनसार व्यक्तित्व के धनी कैलाश चंद्र की ग्रामीणों ने खुलकर सराहना की। इस अवसर पर एडवोकेट हरेश पंवार (संपादक, भीम प्रज्ञा न्यूज़) के नेतृत्व में उनका विशेष सम्मान किया गया। उन्हें डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीर, साफा एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया तथा सेवानिवृत्ति के बाद समाज के सकारात्मक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में उपसरपंच धर्मपाल चौरा, सूबेदार संपत राम, सुंदरलाल, रामचंद्र, सिंह राम, राम सिंह, प्रेम कुमार, एडवोकेट मनोज पंवार, अशोक कुमार, शंकरलाल, रामजीलाल, जसवंत, बिशंभर, निक्कू, सीताराम, दिलीप पेंटर, नवीन पंवार, लीलाधर यादव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने इस अवसर को गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि कैलाश चंद्र ने अपने परिश्रम से न केवल देश की सीमाओं की रक्षा कर गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। जबकि परिवार की दयनीय स्थिति को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनका यह सम्मान आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
