बीकानेर कलेक्टर निशांत जैन ने संभाला कार्यभार, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
भीम प्रज्ञा न्यूज.बीकानेर@सोहनलाल परिहार ।
निशांत जैन ने पदभार ग्रहण करने के बाद गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक ली। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “जिले का नाम अच्छा है, हम सबको मिलकर इसे और बेहतर बनाना है। बैठक में कलेक्टर जैन ने बिजली, पानी और सड़क जैसे बुनियादी सेवाओं से जुड़े विभागों को निर्देश दिए कि आमजन की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि इन सेवाओं में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आम लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों को लेकर परेशानी नहीं होनी चाहिए।कलेक्टर ने विभागीय योजनाओं, बजट घोषणाओं और प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी भी ली।
उन्होंने निर्देश दिए कि सरकार की बजट घोषणाओं और फ्लैगशिप योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए और संबंधित विभाग समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करें। गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए उन्होंने पेयजल व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समर कंटीजेंसी प्लान में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए, ताकि आमजन को पानी की समस्या का सामना न करना पड़े। जिला कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि जिले की रैंकिंग हर क्षेत्र में बेहतर बनी रहे, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी कार्य में समस्या आती है तो अधिकारी सीधे उनसे संपर्क करें।
बैठक में सिद्धार्थ पालानिचामी, शैलजा पांडेय, रमेश देव, महिमा कसाना, स्वाति शर्मा, यशपाल आहूजा, ऋषि पांडे, मनीषा लेघा सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
