झुंझुनूं में खेल विश्वविद्यालय अथवा राष्ट्रीय खेल संस्थान की स्थापना हो – बृजेंद्र सिंह ओला
भीम प्रज्ञा न्यूज.झुंझुनूं।
झुंझुनूं से सांसद बृजेंद्र सिंह ओला ने गुरुवार को लोकसभा में शून्यकाल के दौरान झुंझुनूं जिले सहित पूरे शेखावाटी क्षेत्र के युवाओं से जुड़े एक महत्वपूर्ण विषय को प्रभावी ढंग से सरकार के समक्ष रखा। सांसद ने कहा कि झुंझुनूं सहित शेखावाटी क्षेत्र देश की सेना में युवाओं की उल्लेखनीय भागीदारी, उच्च शैक्षणिक उपलब्धियों एवं खेल प्रतिभाओं के लिए विशेष पहचान रखता है। इस क्षेत्र ने देश को बड़ी संख्या में वीर सैनिक तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के उत्कृष्ट खिलाड़ी दिए हैं, जिन्होंने भारत का नाम गौरवान्वित किया है। लेकिन इतनी समृद्ध प्रतिभा होने के बावजूद क्षेत्र में आधुनिक खेल सुविधाओं एवं उच्च स्तरीय खेल शिक्षा संस्थानों का अभाव बना हुआ है। इसके कारण यहां के प्रतिभाशाली युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण के लिए बड़े शहरों की ओर जाना पड़ता है, जिससे कई प्रतिभाएं पारिवारिक एवं आर्थिक कारणों से आगे नहीं बढ़ पातीं। इसलिए सांसद ने लोकसभा में सरकार से मांग की है कि झुंझुनूं जिले में एक खेल विश्वविद्यालय अथवा पटियाला जैसे राष्ट्रीय महत्व के खेल संस्थान की स्थापना की जाए, ताकि युवाओं को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण एवं अवसर प्राप्त हो सकें। इससे न केवल झुंझुनूं लोकसभा क्षेत्र बल्कि पूरे शेखावाटी क्षेत्र से देश को और अधिक उत्कृष्ट खिलाड़ी मिल सकेंगे।
