अंबेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर नारनौल में विशाल रक्तदान शिविर 13 अप्रैल को
अंबेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर नारनौल में विशाल रक्तदान शिविर 13 अप्रैल को
महल अनुसूचित जाति विकास मंच की पहल, रक्तवीरों व सामाजिक कार्यकर्ताओं का होगा सम्मान
भीम प्रज्ञा न्यूज़ नारनौल।
डॉ. भीमराव अंबेडकर के 135वें जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर नारनौल में सामाजिक सरोकारों का प्रेरणादायक आयोजन होने जा रहा है। महल अनुसूचित जाति विकास मंच, नारनौल के तत्वावधान में 13 अप्रैल 2026 (सोमवार) को मोहल्ला महल स्थित सामुदायिक भवन में प्रातः 10 बजे भव्य समारोह के साथ विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा।
संस्था द्वारा हर वर्ष आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में इस बार दूसरा विशाल रक्तदान कैम्प लगाया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं व सामाजिक कार्यकर्ताओं के भाग लेने की उम्मीद है। कार्यक्रम में जिला रेडक्रोस सोसाइटी के सहयोग से रक्त संग्रह किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि रक्तदान शिविर में भाग लेने वाले सभी रक्तदाताओं को “रक्तवीर” के रूप में सम्मानित किया जाएगा। साथ ही शहर की उत्कृष्ट सामाजिक संस्थाओं के एक-एक प्रतिनिधि को भी मंच द्वारा सम्मानित किया जाएगा, ताकि समाज सेवा के कार्यों को प्रोत्साहन मिल सके।
कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न विभागों के अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करेंगे।
आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान शिविर में भाग लेकर मानव सेवा के इस पुण्य कार्य में सहयोग करने की अपील की है। यह आयोजन न केवल बाबा साहेब के विचारों को आगे बढ़ाने का माध्यम बनेगा, बल्कि समाज में सेवा, समानता और भाईचारे का संदेश भी देगा।
