मेजबान जीवनी इंटरनेशनल स्कूल की बेटियों का जलवा, शाह सतनाम गर्ल्स स्कूल को 4-0 से रौंदा
गुरुकृपा झुंझुनूं और केशवानंद सीकर ने दर्ज की धमाकेदार जीत, खेलों से विकसित होती है नेतृत्व क्षमता: सांवरमल मील
भीम प्रज्ञा न्यूज.चिड़ावा। जीवनी इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित सीबीएसई प्री-सुब्रतो कप फुटबॉल टूर्नामेंट के तीसरे दिन मैदानों पर जबरदस्त रोमांच देखने को मिला। राजस्थान, मध्यप्रदेश और गुजरात के विभिन्न सीबीएसई विद्यालयों से आए खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल, कड़े अनुशासन और अद्वितीय टीम भावना का परिचय दिया। प्रतियोगिता को लेकर न केवल खिलाड़ियों और कोचों में, बल्कि स्थानीय खेल प्रेमियों में भी भारी उत्साह बना हुआ है।अंडर-17 बालक वर्ग के पहले मुकाबले में गुरुकृपा स्कूल, झुंझुनूं ने मैदान पर शानदार मूव्स बनाते हुए देव विद्यालय, सीकर को शिकस्त दी। वहीं, दूसरे मुकाबले में केशवानंद कॉन्वेंट स्कूल, सीकर ने अपने आक्रामक खेल के दम पर प्रज्ञा इंटरनेशनल स्कूल, बिजयनगर को पराजित कर खिताब के लिए अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। दोनों ही मैचों में खिलाड़ियों की तेज गति, सटीक पासिंग और बेहतरीन तालमेल ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। बालिका वर्ग में मेजबान जीवनी इंटरनेशनल स्कूल की टीम ने घरेलू मैदान का पूरा फायदा उठाते हुए दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। जीवानी स्कूल की बेटियों ने शुरुआत से ही आक्रामक रणनीति अपनाई और शाह सतनाम गर्ल्स स्कूल, श्रीगंगानगर को 4-0 के बड़े अंतर से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की। बालिका वर्ग के ही एक अन्य मैच में देव विद्यालय ने डालमिया विद्या मंदिर पर 3-1 से प्रभावशाली जीत हासिल की। इस वर्ग में प्रज्ञा इंटरनेशनल स्कूल और डोनिया स्कूल के बीच का मुकाबला कांटे का रहा। दोनों टीमों ने अंत तक हार नहीं मानी और मैच बराबरी (ड्रॉ) पर समाप्त हुआ। वहीं, केशवानंद कॉन्वेंट स्कूल, सीकर ने अपना दबदबा कायम रखते हुए डालमिया विद्या मंदिर को 3-0 से करारी शिकस्त दी।
विद्यालय के निदेशक ऋतेश मील ने बताया कि सीबीएसई प्री-सुब्रतो कप का मुख्य उद्देश्य जमीनी स्तर के प्रतिभावान खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करना है। उन्होंने जानकारी दी कि बाहर से आने वाली सभी टीमों के आवास, भोजन, चिकित्सा और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम विद्यालय प्रशासन द्वारा किए गए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में नॉकआउट मुकाबले और भी ज्यादा रोमांचक होंगे। टूर्नामेंट के सफल संचालन में खेल अधिकारियों, रेफरी, स्वयंसेवकों और विद्यालय स्टाफ का विशेष योगदान रहा। विभिन्न मैदानों पर चल रहे मैचों को देखने के लिए बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक और खेल प्रेमी पहुंच रहे हैं, जिससे पूरा स्कूल परिसर खेल उत्सव के रंग में रंगा नजर आ रहा है।
“खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्रीय एकता की भावना का संचार होता है।”
— सांवरमल मील
चेयरमैन, जीवनी इंटरनेशनल स्कूल चिड़ावा

