सीआई रामनारायण चोयल व धर्मेंद्र मीणा को सम्मानपूर्वक विदाई, नए थानाधिकारी चंद्रभान का किया अभिनंदन
पवन कुमार शर्मा
भीम प्रज्ञा न्यूज.मंडावा। थाना परिसर में शनिवार रात्रि को एक गरिमामय एवं भावनात्मक समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानांतरित हुए थाना अधिकारियों रामनारायण चोयल एवं धर्मेंद्र मीणा को भावभीनी विदाई दी गई, वहीं नव नियुक्त थाना अधिकारी चंद्रभान का कस्बेवासियों, जनप्रतिनिधियों एवं पुलिस स्टाफ ने साफा पहनाकर, माल्यार्पण कर तथा पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।
समारोह की अध्यक्षता ग्रामीण पुलिस उपाधीक्षक हरिसिंह धायल ने की। कार्यक्रम में भाजपा संगठन हनुमानगढ़ के प्रभारी दिनेश धाभाई, कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष सज्जन मिश्रा, पूर्व पालिका अध्यक्ष नरेश सोनी, विद्याधर सैनी, संजेश कुमार, हरलाल सिंह मोगा सहित अनेक गणमान्य नागरिक मंचासीन रहे।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में हरिसिंह धायल ने कहा कि सीआई रामनारायण चोयल ने अपने कार्यकाल के दौरान अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने तथा आमजन के बीच पुलिस की सकारात्मक छवि स्थापित करने में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनके कार्यों को मंडावा क्षेत्र लंबे समय तक याद रखेगा।
विदाई अवसर पर भावुक हुए रामनारायण चोयल ने कहा कि मंडावा थाना क्षेत्र उनके लिए केवल कार्यस्थल नहीं, बल्कि एक परिवार रहा है। यहां के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, पुलिस स्टाफ और सहयोगियों से मिले स्नेह व सम्मान को वे जीवनभर नहीं भूल पाएंगे। उन्होंने विशेष रूप से मीडिया कर्मियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि “पुलिस और मीडिया एक सिक्के के दो पहलू हैं। दोनों का उद्देश्य समाज की भलाई, पारदर्शिता और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है।”
नवनियुक्त थाना अधिकारी चंद्रभान ने स्वागत के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे जनता के सहयोग से मंडावा में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाएंगे तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि थाना हमेशा आमजन के लिए खुला रहेगा और पुलिस-जन सहयोग की परंपरा को और मजबूत किया जाएगा।
गौरतलब है कि धर्मेंद्र मीणा का पदभार ग्रहण करने के महज सात दिन बाद ही उनका स्थानांतरण हो गया, जिसके चलते उन्हें भी इस अवसर पर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
समारोह में एएसआई संजीव मील, हजारीलाल, धनोरी थानाधिकारी कंचन, बगड़ थानाधिकारी मुकेश सेपट, मुकुंदगढ़ थानाधिकारी गोपाल थालोड़, नवलगढ़ थानाधिकारी अजय, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष विजेंद्र सैनी, राजेश कुलहरी, राजपाल दुलड़, शीशराम बुरड़क, राजेश रणजीरोत, सीताराम सैनी, संदीप शर्मा, कांग्रेस नगर अध्यक्ष आमीन कारी, इब्राहिम रंगरेज, रामचंद्र टोडरवास, हाजी फारूक भाटी, सत्यनारायण शर्मा, मुकेश कुमावत, सुभाष हांखला, सुभाष यादव, महिपाल सिंह तोलियासर, शुभम तोलासरिया, यूनुस मोम सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह समारोह पुलिस और आमजन के बीच मजबूत विश्वास, सम्मान और सहयोग की भावना का प्रतीक बन गया, जहां एक ओर दो अधिकारियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई तो दूसरी ओर नए थाना अधिकारी का आत्मीय स्वागत कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
