दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप, मां-बेटे को पुलिस ने लिया हिरासत में
दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप, मां-बेटे को पुलिस ने लिया हिरासत में
रामसर गांव में वारदात के बाद फैला आक्रोश, मेडिकल बोर्ड से कराया जा रहा पोस्टमार्टम
भीम प्रज्ञा न्यूज़ | पचेरी कला
पचेरी कला थाना क्षेत्र के रामसर गांव में निर्जला ग्यारस के दिन एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। मंदिर में जल चढ़ाने गई 54 वर्षीय महिला का शव पड़ोसी युवक के घर के कमरे में मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। मृतका के पुत्र ने युवक और उसकी मां पर दुष्कर्म कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कमला देवी पत्नी ख्यालीराम अहीर बुधवार सुबह निर्जला ग्यारस के अवसर पर मंदिर जाने की बात कहकर घर से निकली थी। करीब साढ़े नौ बजे परिजनों को सूचना मिली कि महिला का शव मंदिर के पड़ोस में रहने वाले राजेश पुत्र महासिंह अहीर के घर में पड़ा हुआ है।
मृतक महिला अपने घर से मंदिर जा रही थी कि गांव के एक युवक ने रास्ते से अपने घर ले जाकर वारदात को अंजाम दिया है। घटना की सूचना पर पचेरीकलां पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का मौका मुआयना कर आवश्यक जानकारी जुटाई। जानकारी के अनुसार रामसर निवासी कमला देवी (54) पत्नी ख्यालीराम बुधवार को करीब दस बजे अपने घर से मंदिर जा रही थी। इस दौरान गांव का ही राजेश पुत्र महासिंह रास्ते से जा रही कमला देवी को जबरन पकड़ कर अपने घर ले गया। इस दौरान उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे महिला ने दम तोड़ दिया। मृतका के परिजनों ने बताया कि कमला देवी के सिर में धारदार हथियार से वार कर उसकी हत्या की गई है। आरोपी राजेश का मकान मंदिर के पास ही है, जबकि कमला देवी का मकान घटनास्थल से करीब डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर है। इस मामले में ग्रामीणों ने बताया कि राजेश कुमार सनकी है जिसने वारदात को अंजाम दिया है। वारदात को अंजाम देने के बाद भी आरोपी अपने घर पर ही रहा जो पुलिस आने के समय मौके पर मौजूद था। जिसके बाद पुलिस ने राजेश कुमार व उसकी मां नीता देवी को हिरासत में ले लिया।
मृतक महिला कमला देवी का पति ख्यालीराम गांव में ही टैक्टर चलाकर मजदूरी करता है। इनके एक बेटा जितेंद्र दिव्यांग है तथा दूसरा बेटा सत्येंद्र है। घटना के समय मृतका का छोटा बेटा सत्येंद्र किसी काम से पचेरीकलां गया हुआ था। घटना की सूचना पर बुहाना डीएसपी नोपाराम भाकर, थानाधिकारी बनवारीलाल यादव भी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का मौका मुआयना कर आवश्यक जानकारी जुटाई। डीएसपी नोपाराम भाकर ने बताया कि पुलिस ने आरोपी राजेश कुमार व उसकी मां नीता देवी को हिरासत में लेकर पुछताछ की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बुहाना के राजकीय अस्पताल में भिजवाया है, मामले की गहनता से जांच की जा रही है। एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया है।
