बीकानेर में आयोजित राजस्थान स्टेट सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में झुंझुनूं जिले के तातीजा गांव की बेटी सारिका कुमावत ने शानदार प्रदर्शन
भीम प्रज्ञा न्यूज.खेतड़ी।
बीकानेर में आयोजित राजस्थान स्टेट सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में झुंझुनूं जिले के तातीजा गांव की बेटी सारिका कुमावत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हाई जंप स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सारिका की इस उपलब्धि से पूरे गांव में खुशी और गर्व का माहौल है। ग्रामीण, खेल प्रेमी और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग उन्हें लगातार बधाइयां दे रहे हैं।सारिका कुमावत एडवोकेट सुभाष कुमावत की पुत्री हैं और वर्तमान में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) में सेवारत हैं। वह पंचकूला में रहकर नियमित रूप से एथलेटिक्स की कड़ी तैयारी और अभ्यास कर रही हैं। उनकी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम अब राज्य स्तर पर गोल्ड मेडल के रूप में सामने आया है।
राजस्थान स्टेट सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में प्रदेश भर से आए खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा रही, लेकिन सारिका ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से हाई जंप स्पर्धा में पहला स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उनकी इस सफलता ने क्षेत्र की बेटियों के लिए भी प्रेरणा का नया उदाहरण प्रस्तुत किया है।सारिका ने अपनी जीत का श्रेय अपने माता-पिता, कोच और आईटीबीपी द्वारा मिले सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उनके खेल जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, लेकिन उनका अंतिम लक्ष्य राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतना और भविष्य में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए एशियाई खेलों तथा ओलंपिक में पदक हासिल करना है।
सारिका की सफलता पर गांव तातीजा में उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद गांव की बेटी ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। लोगों को उम्मीद है कि सारिका आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन करेंगी।
