भीम प्रज्ञा न्यूज़ नीमराना @रमेश चन्द।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सिहाली खुर्द में आयोजित 15 दिवसीय ग्रीष्मकालीन समाज सेवा शिविर का समापन शनिवार को सफलतापूर्वक हुआ। 31 मई को आयोजित समापन कार्यक्रम में शिविर में भाग लेने वाले छात्र- छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। शिविर के दौरान विद्यार्थियों ने समाज सेवा, अनुशासन और पर्यावरण संरक्षण का व्यावहारिक प्रशिक्षण लिया।
शिविर प्रभारी महेन्द्र सिंह ने बताया कि शिविर में कुल 22 छात्र- छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने कहा कि समाज सेवा से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सहयोग और जिम्मेदारी की भावना का विकास होता है। यह शिविर युवाओं को समाज के प्रति उनके कर्तव्यों का बोध कराता है और उन्हें एक जागरूक नागरिक बनाता है। शिविर में निधि, पायल, सपना, अंजू, काजल, वर्षा, खुशी, नव्या, प्रिया, प्रीति, अरुण, बजरंग, भूपेन्द्र, कपिल, नवदीप, नव्यांश, सचिन सहित अन्य विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य पूर्णसिंह खण्डेलवाल ने कहा कि युवाओं की समाज और राष्ट्र के नवनिर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि आज पर्यावरण को बचाना सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पेड़ लगाकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देना चाहिए। प्रधानाचार्य ने शिविर के सफल आयोजन पर शिक्षकों और विद्यार्थियों की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित करने का भरोसा दिलाया।
