भीम प्रज्ञा न्यूज.बुहाना। अग्निवीर भर्ती में चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन के दौरान ग्राम पंचायतों में गोल मोहर नहीं होने की समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। खबर प्रकाशित होने के बाद जिला कलक्टर अरुण कुमार गर्ग ने जिले के सभी विकास अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं।
जिला कलक्टर के आदेश के बाद बुहाना ब्लॉक स्तर पर ग्राम पंचायतों को निर्देशित किया गया है कि जहां कार्यालयीन गोल मोहर उपलब्ध नहीं है, वहां तत्काल नई मोहर बनवाई जाए तथा अग्निवीर भर्ती में चयनित किसी भी अभ्यर्थी को दस्तावेज सत्यापन में परेशानी नहीं होने दी जाए। बुहाना विकास अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि जिला कलक्टर के निर्देशानुसार सभी ग्राम पंचायतों को आदेश जारी कर दिए गए हैं। पंचायत प्रशासकों एवं सरपंचों को आज ही कार्यालयीन गोल मोहर बनवाने तथा आवश्यक प्रमाणन कार्य प्राथमिकता के आधार पर करने के निर्देश दिए गए हैं।उन्होंने कहा कि झुंझुनूं जिला वीर भूमि के रूप में देशभर में अपनी पहचान रखता है और यहां के युवाओं में सेना में भर्ती होकर देश सेवा करने का विशेष उत्साह रहता है। ऐसे में किसी ग्राम पंचायत की लापरवाही या प्रशासनिक कमी के कारण किसी भी चयनित अभ्यर्थी का भविष्य प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई भी की जा सकती है। जिला प्रशासन के इस कदम से अग्निवीर अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों को बड़ी राहत मिली है तथा लंबे समय से चली आ रही अनिश्चितता समाप्त होने की उम्मीद जगी है।


