सीकर में राजेश जोया के समर्थन में उतरे सैकड़ों युवा, मीडिया रिपोर्टिंग पर उठाए सवाल
डाक बंगला से कलेक्ट्रेट तक निकाली रैली, मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और मानहानि पर कार्रवाई की मांग
भीम प्रज्ञा न्यूज़ सीकर।
नीट स्टूडेंट प्रदीप महीच सुसाइड प्रकरण में समाजसेवी राजेश जोया को लेकर मीडिया में आई कथित भ्रामक रिपोर्टिंग के विरोध में शुक्रवार को सीकर में सैकड़ों युवाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान डाक बंगला से कलेक्ट्रेट तक रैली निकालकर विरोध जताया गया तथा मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर सीकर को ज्ञापन सौंपा गया।
प्रदर्शन में भीम आर्मी स्टूडेंट फेडरेशन, डीएएसएफआई, भारत मुक्ति मोर्चा, भीम आर्मी सहित कई सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि न्यायालय से दोषमुक्त होने के बावजूद राजेश जोया को कुछ मीडिया रिपोर्ट्स एवं पुलिस बयानों में हत्या सहित 14 मुकदमों का आरोपी बताया गया, जिससे उनकी सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचा है।
ज्ञापन में मांग की गई कि दोषमुक्त व्यक्ति को आरोपी बताने वाले अधिकारियों एवं भ्रामक खबरें प्रकाशित करने वाले मीडिया माध्यमों की उच्च स्तरीय जांच कर कार्रवाई की जाए। साथ ही हिस्ट्रीशीट खोलने की प्रक्रिया की न्यायिक जांच कराने, दोषमुक्ति से जुड़े दस्तावेज सार्वजनिक करने तथा समाजसेवियों के खिलाफ गलत खबरों पर रोक लगाने की भी मांग की गई।
इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता रवि मेघवाल ने कहा कि पीड़ितों की मदद करना अपराध नहीं है, लेकिन शांतिपूर्ण आंदोलन करने वालों को दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि वे किसी भी दबाव से डरने वाले नहीं हैं और संघर्ष जारी रहेगा।
भीम आर्मी जिलाध्यक्ष एडवोकेट जयस्वामी कल्याण ने कहा कि न्यायालय से दोषमुक्त व्यक्ति को आरोपी बताना गंभीर मानहानि है और इसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं सोनिया जोया ने कहा कि उनके परिवार के साथ अन्याय हुआ है और जब तक न्याय नहीं मिलेगा, आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शन में प्रदीप नारायण, महेश बारोठिया, अरविंद वर्मा (डीएएसएफआई), सदर कसम ख़िलजी, जीतू मेघवंशी, लीलाराम आज़ाद, कृष्ण कटराथल, धर्म सिंह तानाण, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष राकेश गढ़वाल, एडवोकेट विजय चाहिल, एडवोकेट अनिल कूदन, रोशन बरवड़, मनीष पार्षद, सुभाष जोया, विक्की लखन, लेखराज लूनिया, नेमी बलाई, रहीम, प्रभु खीचड़, रमेश नाथावतपूरा, धर्मपाल बाबर सहित दर्जनों महिलाओं समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
