भीम प्रज्ञा न्यूज.पचेरीे। थाना पचेरी कलां के थानाधिकारी बनवारीलाल यादव के नेतृत्व में शुक्रवार को सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत बाइक सवारों को हेलमेट वितरित किए गए। आमतौर पर झुंझुनूं-दिल्ली मार्ग पर थाना के सामने यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के चालान किए जाते हैं, लेकिन इस बार पुलिस ने सकारात्मक पहल करते हुए लोगों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया। अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट के महत्व के बारे में जानकारी दी और सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोकने के लिए यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया। थानाधिकारी बनवारीलाल यादव ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं है, बल्कि लोगों को जागरूक कर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है।
उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में अधिकांश गंभीर चोटें सिर पर लगने के कारण होती हैं, जिन्हें हेलमेट पहनकर काफी हद तक रोका जा सकता है। इसलिए प्रत्येक दोपहिया वाहन चालक को हेलमेट पहनना चाहिए तथा अन्य यातायात नियमों का भी पालन करना चाहिए। पुलिस की इस पहल की क्षेत्रवासियों ने सराहना की और इसे सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाला कदम बताया। अभियान के दौरान कई वाहन चालकों ने भविष्य में नियमित रूप से हेलमेट पहनने का संकल्प भी लिया।
